बूंदी के सदर बाजार कहार मोहल्ले में 16 सितंबर की रात को हुई भारी बारिश से एक मकान गिर गया। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी प्रशासन या किसी विभाग के अधिकारी ने पीड़ित परिवार की सुध नहीं ली है। परिवार के सदस्य आवास और भोजन के लिए मोहल्लेवासियों पर निर्भर हैं। पीड़ित परिवार ने सोमवार को राजस्थान बीज निगम के पूर्व निदेशक और पीसीसी सदस्य चर्मेश शर्मा से मदद की गुहार लगाई। शर्मा ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया। परिवार के सदस्य रमेश कहार ने बताया कि वे बुधवार से मकान के बाहर आमरण अनशन शुरू करेंगे। मकान की स्थिति अभी भी खतरनाक बनी हुई है। सार्वजनिक गली की तरफ जमीन से करीब 36 फीट की ऊंचाई पर दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। यह दीवार किसी भी समय संकरी गली में गिर सकती है। परिवार के अनुसार, वे खुद इस दीवार को नहीं हटा सकते क्योंकि इससे दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन की निगरानी में सुरक्षा उपायों के साथ गली को बंद कर क्षतिग्रस्त दीवार को हटाया जाए। मौके पर राम कहार, रुक्मणी कहार, दुर्गाशंकर कहार, जितेंद्र डागर, एनएसयूआई शहर अध्यक्ष अमन राठौर, महावीर कहार और सूरज कहार भी मौजूद रहे।
