India-EU FTA: अमेरिका के ट्रंप टैरिफ टैरर से बदलते समीकरणों के बीच मंगलवार को भारत और यूरोप के 27 देशों के संगठन यूरोपियन यूनियन (EU) ने ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपियन कमीशन अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन व यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के बीच शिखर वार्ता के बाद एफटीए की घोषणा से भारत व यूरोप की 200 करोड़ की आबादी के बीच खुला व्यापार होगा। दोनों पक्ष एक दूसरे से व्यापार में 90 फीसदी से अधिक वस्तुओं पर टैरिफ समाप्त कर देंगे या काफी कम कर देंगे। इससे भारत के निर्यात में उछाल आएगा और देश में उत्पादन बढ़ने से नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। यूरोपीय देशों को भारत का बड़ा बाजार मिलेगा। सेवा क्षेत्र भी खुलने से भारत के युवाओं को यूरोप में बेहतर अवसर मिलेंगे।
