बारां जिले के अटरू थानाक्षेत्र में रविवार को पार्वती नदी में नहाने गए पांच दोस्तों में से दो की डूबकर मौत हो गई। एसडीआरएफ ने सोमवार को दोनों के शव बाहर निकाले। मृतकों की पहचान विशाल त्यागी (17) और सुब्हान खान (12) के रूप में हुई है। खेड़लीगंज मोहल्ले के पांच दोस्त पार्वती नदी के किशनपुरा पुलिया के पास नहाने गए थे। नदी के तेज बहाव में सभी बहने लगे। तीन दोस्त किसी तरह बाहर निकल आए। लेकिन विशाल और सुब्हान नदी में बह गए। बचे हुए बच्चों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर अटरू तहसीलदार महेंद्र कुमार बतुर्वेदी और थानाधिकारी कल्याण सिंह चौधरी पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू रोक दिया गया। सोमवार को फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ। सुबह पुलिया से करीब एक किलोमीटर दूर सुब्हान का शव मिला। दोपहर में घटनास्थल के पास विशाल का शव भी बरामद हुआ। अटरू अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। विधायक राधेश्याम बैरवा ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।
