गणतंत्र दिवस पर सोमवार को पूरे प्रदेश में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बीजेपी की ओर से जयपुर में बड़ी चौपड़ पर सुबह 7:30 बजे कार्यक्रम रखा गया है। वहीं कांग्रेस सुबह 8.30 बजे बड़ी चौपड़ पर ध्वजारोहण करेगी। गणतंत्र दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित होगा। कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे मुख्य अतिथि और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। एसएमएस स्टेडियम में राजस्थान पुलिस के 17 जांबाज पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक और पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। 23 जिलों में मंत्री करेंगे ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस पर 23 जिलों में मंत्री और 1 मुख्य सचेतक जिला स्तरीय समारोहों में तिरंगा फहराएंगे। राज्य सरकार ने मंत्रियों को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोहों में ध्वजारोहण के लिए जिम्मेदारी सौंपी है। 17 जिलों में कलेक्टरों को ध्वजारोहण की जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी के कार्यक्रम
भाजपा की ओर से सुबह 7:30 बजे बड़ी चौपड़ पर शहर बीजेपी की ओर से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद सुबह 8:30 बजे बीजेपी प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ध्वजारोहण करेंगे। कांग्रेस मुख्यालय में डोटासरा फहराएंगे झंडा
गणतंत्र दिवस पर पीसीसी कार्यालय में सुबह 8 बजे ध्वजारोहण होगा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ध्वजारोहण करेंगे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष, विधायक और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। इसके बाद सुबह 8:30 बजे बड़ी चौपड़ पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ध्वजारोहण करेंगे। पुलिस कमिश्नरेट में ध्वजारोहण
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में गणतंत्र दिवस पर प्रातः 8:15 बजे पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ध्वजारोहण करेंगे।
