12वीं बोर्ड के रिजल्ट में लक्ष्मणगढ़ की लक्ष्मी बाई और कठूमर के अंकित जाटव की चर्चा खूब है। 12वीं साइंस में केशवानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल लक्ष्मणगढ़ की छात्रा लक्ष्मी ने 99 पर्सेंट अंक लिए। जबकि लक्ष्मी के पिता मजदूरी करते हैं। एक बीघा खेती है। इसके अलावा मजदूरी कर परिवार को चलाते हैं। वहीं कठूमर के अंकित जाटव ने बायो साइंस में 98.40 प्रतिशत अंक लिए। अंकित के पिता रोहिताश कुमार सफाईकर्मी है। अंकित के बायो में पूरे 100 नंबर हैं। ज्यादातर का कहना कि बायो में पूरे नंबर लाना सामान्य बात नहीं है। लक्ष्मी ने कहा सपने में भी 99 प्रतिशत अंक आए लक्ष्मी का कहना है कि परिणाम से पहली रात सपने में भी उसे 99 प्रतिशत अंक आए। जो सच हो गए। उसे उम्मीद भी थी कि 99 प्रतिशत के आसपास नंबर आ सकते हैं। पढ़ाई को लेकर कहा कि नियमित रूप से पढ़ने से ही सफलता मिली है। पिता मजदूरी करते हैं। लेकिन उसे पढ़ाने में काई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने अपने स्तर पर हर सहूलियत देने का प्रयास किया। लेकिन गरीबी को देख लिया है। आगे जाकर माता-पिता के सपने पूरा करूंगी। इसी लग्न से आगे की पढ़ाई करके आगे बीएससी कर सीजीएल क्लियर करने का मन है। छात्रा ने कहा कि उनके पिता के पास एक बीघा खेती है। उसके अलावा मजदूरी करते हैं। तूड़ी का व्यापार करने वालों के यहां काम करने जाते हैं। ताकि परिवार की आजीविका चल सके। वे दिनरात कठोर मेहनत करते हैं। अंकित जाटव के पिता सफाईकर्मी, बेटे का घर आकर अभिनंदन अरावली पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कठूमर के छात्र अंकित जाटव ने साइंस बायो में 98.40 प्रतिशत अंक लिए हैं। उनके पिता रोहिताश सफाईकर्मी हैं। जिनको महीने के 12 हजार रुपए मिलते हैं। उसी पैसे से परिवार चलाते हैं। अब बेटे ने 12वीं में अच्छे अंक लिए हैं। उसके बाद घर पर बधाई देने वालों की भीड़ जुट गई। स्कूल स्टाफ भी घर पहुंच गया। सबने एक-एक करके छात्र को मिठाई खिलाई। उनको साफा बांधा। अंकित का कहना है कि वे भविष्य में मेडिकल क्षेत्र में जाना चाहते हैं। उनके बायो में 100 नंबर आए हैं। घर पर गरीबी रही। लेकिन मन में आगे सपने हैं। उनको साकार करना है।