भास्कर न्यूज | बालोतरा जेरला सरहद में 52 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे जिला अस्पताल के सिविल वर्क का कार्य 90 फीसदी पूरा हो गया है। भवन में रंगरोगन का कार्य चल रहा है, नववर्ष पर फरवरी माह में कार्यकारी एजेंसी बिल्डिंग को चिकित्सा विभाग को सुपुर्द करेगी। 300 बेड के जिला अस्पताल के नवनिर्मित भवन में ट्रोमा सेंटर, आईसीयू, सीसीयू, ओपीडी ब्लॉक, इंडोर ब्लॉक, आयुष डिपार्टमेंट, पुलिस चौकी, सुलभ कॉम्पलेक्स व पार्किंग सहित तमाम सुविधाएं उपलब्ध रहेगी। ट्रोमा सेंटर व आईसीयू की सुविधा मिलने से घटना-दुर्घटना व गंभीर बीमारी के मरीजों को जोधपुर या गुजरात के शहरों तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। जेरला गांव की सरहद में आवंटित 64 बीघा जमीन के बाद दो साल पहले जिला अस्पताल के लिए 52 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत कर नए भवन का कार्य शुरू किया गया था। कार्यकारी एजेंसी जयपुर लखन एंड कुरैशी कंस्ट्रक्शन कंपनी ने अक्टूबर 2023 में कार्य शुरू किया था। नई बिल्डिंग में रंगरोगन सहित अन्य छोटा-मोटा कार्य चल रहा है। संभवत: फरवरी माह में कार्यकारी एजेंसी भवन का निर्माण करवाकर इसे चिकित्सा विभाग को सुपुर्द करेगी। नाहटा जिला अस्पताल के लिए जमीन आवंटन व स्वीकृति के दौरान 200 बेड के हिसाब से निर्माण शुरू किया गया था। बाद में इसकी क्षमता बढ़ाकर 300 बेड की गई। ऐसे में नवनिर्मित तीन मंजिला इमारत में मरीजों को लाने-ले जाने के लिए लिफ्ट भी लगाई गई है। साथ ही 24 आवासीय क्वार्टर बनाए गए हैं। इससे चिकित्सकों को अस्पताल में ठहराव की सुविधा मिलेगी, वहीं आपातकाल में मरीजों को चिकित्सा स्टाफ के पहुंचने का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पूर्व में 200 बेड का अस्पताल स्वीकृत होने पर अप्रेल 25 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन 100 बेड अतिरिक्त स्वीकृत करने पर अब फरवरी माह में कार्य पूरा कर विभाग को हैंडओवर करेंगे। जेरला गांव की सरहद में 64 बीघा जमीन में बन रहे जिला अस्पताल में ट्रोमा सेंटर-आईसीयू व सीसीयू सहित तमाम सुविधाएं उपलब्ध होगी। इसके चलते गंभीर मरीजों व घायलों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिलने से जोधपुर या गुजरात शहरों तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। नवनिर्मित भवन में ट्रोमा सेंटर, आईसीयू, सीसीयू, ओपीडी ब्लॉक, इंडोर ब्लॉक, इंवेस्टिगेशन ब्लॉक, एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक, आयुष डिपार्टमेंट, टेक्निकल डिपार्टमेंट, पार्किंग, गार्डन, मुख्य स्टोर एवं डीडीसी स्टोर, मोर्चरी, लाउंड्री, र एमसीएच विंग, आवासीय कॉलोनी, नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर, धर्मशाला, सुलभ कॉम्पलेक्स, पु​िलस चौकी व दुकानें बनाई जाएगी। ^जिला अस्पताल के नए भवन का 90 फीसदी कार्य हो गया है। वर्तमान में रंगरोगन सहित टाइल्स लगाने के छोटे-मोटे कार्य चल रहे हैं। फरवरी माह तक कार्य पूरा कर विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा। – जयपपाल, मैनेजर, कार्यकारी एजेंसी जिला मुख्यालय से भारतमाला एक्सप्रेस-वे, मेगा हाइवे, बालोतरा- जोधपुर-बाड़मे र, जालोर-सांडेराव नेशनल हाइवे गुजर रहे हैं। साथ ही ग्रामीण मार्गों पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। ऐसे में दुर्घटना में गंभीर घायलों को पूर्व में जोधपुर रेफर करना पड़ता था, लेकिन नए अस्पताल में ट्रोमा सेंटर व आईसीयू सहित अन्य सुविधाएं मुहैया होने से दुर्घटना व गंभीर बीमारियों के मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। वर्तमान में शहर के राजकीय नाहटा अस्पताल में जिला मुख्यालय सहित सिवाना, सिणधरी, बायतु, गिड़ा, गुड़ामालानी क्षेत्र से हर दिन उपचार के लिए मरीज पहुंचते हैं।