जयपुर कमिश्नरेट में सड़क पर मिले घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने वाले सियाराम व साइबर क्राइम से संबंधित 14 मोबाइल ट्रेस करने वाली सरिता सहित 6 जवानों को पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शुक्रवार को कांस्टेबल ऑफ दी मंथ अवॉर्ड देकर सम्मानित किया है। ये अवॉर्ड अक्टूबर माह में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए दिए हैं। ईस्ट जिले के जवाहर नगर थाने में तैनात सियाराम ने सड़क किनारे पड़े घायल को ई-रिक्शा से तुरंत अस्पताल पहुंचाकर जान बचाई थी। वेस्ट जिले के सिंधी कैंप थाने में तैनात सरिता ने साइबर क्राइम से संबंधी परिवादों को निस्तारण करने के साथ-साथ 14 मोबाइल ट्रेस करने में अहम भूमिका निभाई है। वहीं, नॉर्थ जिले के विद्याधर नगर थाने में तैनात महिपाल ने लावारिस शव की पहचान करने, नकबजन और वाहन चोरों को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई है। साउथ जिले के चाकसू थाने में तैनात जगदीश ने कई मामलों में आरोपियों को पकड़ने में सराहनीय काम किया है। इधर यातायात पुलिस में तैनात मोहनलाल ने इंटरसेप्टर पर तैनात रहकर लापरवाही से वाहन चलाने वाले कई चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। कमिश्नरेट की चोरी एवं नकबजनी शाखा में तैनात जितेन्द्र ने शहर में होने वाली वारदात और बदमाशों को रिकॉर्ड बनाने में उत्कृष्ट कार्य किया है।
