“शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत जयपुर सीएमएचओ की फूड सेफ्टी टीम ने आज जयपुर के मुरलीपुरा स्थित एक घी व्यापारी के छापा मारकर वहां से 3775 लीटर मिलावटी घी बरामद किया। इसके बाद टीम ने घी के इस स्टॉक को सीज करते हुए घी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भिजवाए। पूछताछ में सामाने आया कि ये घी व्यापारी हरियाणा से मंगवाता था और उसे जयपुर शहर में दूर-दराज की कॉलोनियों में बेचान करता था। जयपुर सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत ने बताया- प्रतापनगर विस्तार मुरलीपुरा स्थित एमएस राधेश्याम एंड सन्स पर हमारी टीम ने आज छापा मारा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेश चेजारा, विनोद शर्मा और नरेंद्र शर्मा ने जांच के दौरान लगभग 3775 लीटर मिलावटी हर्बल प्योर ब्रांड घी बरामद किया। प्रारंभिक पूछताछ में फार्म मालिक रामकिशन ने स्वीकार किया कि यह घी जयपुर शहर के दूर-दराज की कॉलोनियां में सप्लाई करवाता है। इस दौरान मौके पर टीम ने घी के पूरे स्टॉक को सीज किया और उसमें से दो अलग-अलग सैंपल लेकर उसे जांच के लिए लैब भिजवाया। हरियाणा से लाता था घी व्यापारी ने पूछताछ में बताया- कि वह ये घी हरियाणा के हिसार जिले से मंगवाता था। घी 400 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से खरीदता था और 450 रुपए से लेकर 500 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से बाजार में सप्लाई किया जाता है।
