भरतपुर| 30वें महारानी किशोरी केसरी महिला दंगल में इस बार इंटरनेशनल और नेशनल लेवल की महिला पहलवानों के दांव-पेंच देखने को मिलेंगे। नई मंडी के पास स्थित महारानी किशोरी महिला कुश्ती स्टेडियम में यह प्रतियोगिता 30 नवम्बर से शुरू होगी। जिला कुश्ती संघ (ओलंपिक स्टाइल) और जिला महिला कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस दो दिवसीय दंगल में एशियन सिल्वर मेडलिस्ट रचना परमार मुख्य आकर्षण रहेंगी। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की कई नामी महिला पहलवान विभिन्न खिताबों के लिए मैट पर भिड़ेंगी। दंगल आयोजन समिति ने बाहर से आने वाली खिलाड़ियों और कोचों के लिए बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन से स्टेडियम तक ले जाने हेतु विशेष परिवहन व्यवस्था की है। संयोजक यदुवीर सिनसिनी ने बताया कि महिला पहलवानों के वजन 29 नवम्बर की शाम और 30 नवम्बर की सुबह 9 बजे से लिए जाएंगे। वहीं दंगल का विधिवत उद्घाटन 30 नवम्बर को दोपहर 1 बजे किया जाएगा।
