राजस्थान सरकार अब फिट इंडिया मूवमेंट की तर्ज पर फिट राजस्थान अभियान को घर-घर तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। युवा मामले और खेल विभाग के शासन सचिव डॉ. नीरज कुमार पवन ने बताया कि प्रदेश का हर नागरिक रोज कम से कम आधा घंटा फिटनेस को समय दे। इस सोच के साथ फिटनेस की डोज आधे घंटे रोज के संदेश को हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए तीन स्तरों पर काम किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से शिक्षा विभाग के साथ एमओयू किया जा रहा है, जिसके तहत सभी स्कूलों में खेल का पीरियड अनिवार्य रूप से लागू होगा। सप्ताह में एक दिन नो बैग डे आयोजित कर छात्रों को खेल और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। पवन ने बताया कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के दौरान प्रदेश में बैडमिंटन, फुटबॉल, इंडोर स्टेडियम और एथलेटिक्स ट्रैक जैसी कई सुविधाओं का कायाकल्प किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि इवेंट खत्म होने के बाद भी ये सुविधाएं उच्च स्तर पर बनी रहें। इसके साथ ही राजस्थान विश्वविद्यालय और उसके संबद्ध कॉलेजों में भी खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। जो भविष्य में प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिया काफी फायदेमंद साबित होगा। यूथ गेम्स का आयोजन होगा
उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया की लीगेसी को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार राजस्थान यूथ गेम्स का आयोजन करेगी। जिसमें युवाओं को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का मौका मिलेगा। जिसमें गांव, ढाणी से लेकर शहर तक आयोजन होंगे। इसके बाद हर उम्र के खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। पवन ने बताया कि फिट इंडिया मूवमेंट के तहत 21 दिसंबर को जयपुर में रन फॉर विकसित राजस्थान का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी शामिल होंगे। इसके अलावा संडे ऑन साइकिल जैसे कार्यक्रमों के जरिए भी फिटनेस का संदेश भी दिया जाएगा। 16 लाख से ज्यादा लोग जुड़े फिट इंडिया की सहायक निदेशक निशा विधार्थी ने बताया कि फिट इंडिया मूवमेंट के तहत अब तक 51 शहरों में 16 लाख से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं, यह अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में संयुक्त शासन सचिव राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की सचिव नीतू बारूपाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।