भास्कर न्यूज | मंडावरी नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। वार्डों में कचरे का अंबार, जर्जर कचरा पात्र और नालियों में जमी गंदगी से लोग प्रभावित हो रहे हैं। कच्ची सड़क, पिपली वाले बाबा, सोनी मोहल्ला, अन्य कई वार्डों में सफाई नहीं होने से स्वच्छ भारत अभियान के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। नगर पालिका में 20 वार्डों के लिए 49 सफाई कर्मी लगाए हुए हैं। नगर पालिका में लोगों की रोजाना शिकायतें पहुंच रही हैं, लेकिन हालात नहीं बदल रहे हैं। नगर पालिका की ओर से वर्षों पहले लगाए गए कचरा पात्र अब पूरी तरह टूटकर अनुपयोगी हो चुके हैं। कई कचरा पात्रों में बड़े छेद और कई टूट कर बिखर गए हैं। लोहे के चद्दर के बने कचरा पात्र अब मवेशियों के लिए खतरा बन रहे हैं। क्योंकि टूटे हुए कचरा पात्र में उनके मुंह फंस जाते हैं। वार्ड नंबर 8 निवासी शिमला देवी सोनी ने बताया कि नालियां पूरी तरह बंद हैं। सर्दी हो या गर्मी, नाली का पानी सड़क पर बहता रहता है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को निकलना मुश्किल हो रहा है। दुर्गंध से घरों में बैठना भी मुश्किल है। कस्बे के कच्ची सड़क निवासी लेखराज मीणा बताते हैं कि कचरा पात्र इतने टूट चुके हैं कि आधा कचरा सड़क पर ही बिखरा रहता है। मवेशी भोजन की तलाश में टूटे हुए कचरा पात्र में मुंह डालते हैं और उनका सिर टूटे उसें फंस जाता है। कई गोवंश जख्मी हो चुके हैं। सड़क पर बिखरा कचरा हवा से उड़कर आसपास फैल जाता है, जिससे दुर्गंध और मच्छरों की समस्या बढ़ गई है। पूर्व उप प्रधान बद्रीलाल मीणा व राजमल सोनी ने बताया कि मंडावरी नगर पालिका में 49 सफाई कर्मी है और वार्डों की संख्या 20 है। फिर भी सफाई का आलम यह है कि ना तो नियमित नालियों की सफाई हो पा रही है और ना ही कचरा उठ रहा है कचरो का ढेर लगभग हर वार्ड में लगा हुआ है। नगर के कई वार्डों में नालियां गंदगी, पॉलीथिन, कीचड़ और कचरे से पूरी तरह जाम हो चुकी हैं। नियमित सफाई नहीं होने से नालियों का पानी सड़कों पर बहने से कीचड़ हो रही है। वार्ड नंबर 8 सोनी मोहल्ला में कई महीने से नालियों का पानी सड़क पर जमा रहता है। इससे मोहल्ला वासियों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल जाते समय इसी गंदे पानी से गुजरना पड़ता है। विनोद सोनी ने कई बार नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को लिखित में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन नगर पालिका की तरफ से आश्वासन मिला। अभी तक सफाई नहीं हुई है। ^नगरपालिका की ओर से क्षेत्र में टूटे कचरा पात्र जल्द बदले जाएंगे। नालियों की सफाई एवं फैले हुए कचरे को लेकर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। -शंभूलाल मीणा, ईओ, मंडावरी
