सलूम्बर डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट अलायंस ने राष्ट्रव्यापी एक दिवसीय दवा व्यापार बंद के समर्थन में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने अपनी मांगों पर हस्तक्षेप की मांग की है। इसके चलते अलायंस ने सलूम्बर जिले में 20 मई को दवा व्यापार पूरी तरह बंद रखने का फैसला लिया है। ज्ञापन में दवा व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि बड़ी कंपनियां “प्रिडेटरी प्राइसिंग” (शिकारी मूल्य निर्धारण) के जरिए भारी छूट देकर बाजार व्यवस्था को प्रभावित कर रही हैं। इससे स्थानीय मेडिकल स्टोर्स की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन और बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों की आक्रामक छूट नीति छोटे व्यापारियों को बाजार से बाहर करने की कोशिश है, जिसका सीधा असर भविष्य में आमजन को मिलने वाली दवा सेवाओं पर पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष सुशील मिण्डा, सचिव भंवरलाल नागदा, कोषाध्यक्ष प्रदीप गांधी, विमल मिण्डा, हरिश जोशी, दिलीप गांधी, गिरीश मेहता, चन्द्रेश सुथार, चेतन भावसार तथा मीडिया प्रभारी विशाल जैन सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
