जयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से भजनलाल सरकार के 2 साल का कार्यकाल पूरा होने पर लोगों के लिए राहत शिविर आयोजित किया जाएगा। जेडीए परिसर के नागरिक सेवा केंद्र में 17 से 24 दिसंबर तक शहरी समस्या समाधान शिविर का आयोजन होगा। हर दिन सुबह 10 से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। लोगों को राहत देने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण के आला अधिकारी समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करने का प्रयास करेंगे। इन शिकायतों की होगी सुनवाई
शिविर में शहरी सेवा शिविर और शहरी सेवा के लंबित मामलों के साथ ही 18 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 और 8 नवंबर से 16 दिसंबर 2025 के बीच आए नए आवेदनों का निपटारा किया जाएगा। साथ ही संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों की भी सुनवाई होगी। आवेदकों को मोबाइल पर मिलेगी जानकारी
वहीं हर दिन अलग-अलग जोन के प्रकरणों की सुनवाई होगी। आवेदकों को उनके टाइम स्लॉट की जानकारी मोबाइल मैसेज और फोन कॉल के माध्यम से दी जाएगी। प्रतीक्षा स्थल पर आवेदकों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क, आईटी शाखा द्वारा ई-मित्र सुविधा और जोन वार बैठने की व्यवस्था की जाएगी। शिविर में निस्तारित किए जाने वाले प्रकरणों से संबंधित दस्तावेजों पर शहरी समस्या समाधान शिविर की विशेष मोहर लगाई जाएगी। शिविर के संचालन के लिए अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। JDA अधिकारियों ने बताया- अगर किसी दिन शाम 5 बजे तक कार्य पूरा नहीं होता, तो टीम काम पूरा होने तक शिविर जारी रखेगी। 17 दिसंबर को इन जोन की होगी सुनवाई
जेडीए शिविर की शुरुआत 17 दिसंबर को जोन 3, 4, 5, 6 और 7 के मामलों से होगी। इसके बाद 18 दिसंबर को जोन 5, 6, 7, 8 तथा (PRN) – उत्तर के प्रकरणों पर सुनवाई की जाएगी। वहीं 19 दिसंबर को जोन 5, 7, 8, 19 और (PRN) – दक्षिण से जुड़े मामलों की लिस्टिंग की जाएगी। 20 दिसंबर को जोन 1, 9, 10, 11, 12 और 14 के मामलों पर सुनवाई होगी। वहीं 22 दिसंबर को फिर से जोन 9, 10, 11, 12, 13 और 14 के मामलों की समीक्षा की जाएगी। 23 दिसंबर को जोन 2, 9, 11, 12, 13 और 14 के प्रकरण लिए जाएंगे। शिविर के अंतिम दिन 24 दिसंबर को जोन 11, 12, 13 और 22 के मामलों की सुनवाई होगी।
