झुंझुनूं | उपभोक्ता अधिकारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए चल रहा 30 दिवसीय कंज्यूमर वॉइस न्यायोत्सव अभियान के पहले सप्ताह में 1 दिसंबर तक 17,867 उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से उपभोक्ता जागरूकता शपथ ली है। कार्यक्रम की शुरुआत 24 नवंबर को कलेक्ट्रेट परिसर में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने की थी। अभियान का मूल उद्देश्य उपभोक्ताओं में बिल लेने की आदत, मानक चिह्नित उत्पादों की पहचान और गलत व्यापार व्यवहार की स्थिति में आयोग से न्याय पाने की प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शुरुआत के दिन ही 5 हजार लोगों द्वारा शपथ ली थी। लॉन्च किए गए ऑनलाइन शपथ अभियान व क्यूआर कोड ने युवाओं, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को बड़ी संख्या में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लोग क्यूआर कोड स्कैन करके शपथ ले रहे हैं और प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर रहे हैं। अध्यक्ष मनोज मील ने बताया कि अभियान को लेकर लोगों में उत्साह देखकर स्पष्ट है कि 1 लाख उपभोक्ताओं को शपथ दिलाने का लक्ष्य समयसीमा से पहले पूरा हो जाएगा। अभियान के तहत आने वाले दिनों में जागरूकता रैली, संगोष्ठी, सेमिनार, रंगोली प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्याख्यान जैसे कार्यक्रम किए जाएंगे।