सोमवार 17 नबंवर को देर रात रायसिंहनगर में एक सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा 1एनजेडपीडी के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि अनाज मंडी से फसल बेचकर लौट रहे फूलचंद और उनके बेटे गुलशन कुमार ने सुखचैनपुरा स्थित अपने घर जाने के लिए एक पिकअप से लिफ्ट ली थी। पिकअप में पहले से ही दो अन्य युवक सवार थे। हादसा तब हुआ जब तेज रफ्तार पिकअप चालक ने सामने चल रही नरमा की लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान पिकअप का एक हिस्सा ट्रॉली से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में पीछे बैठे गुलशन और साहिल उछलकर सड़क पर गिर गए। सड़क पर गिरते ही पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने दोनों युवकों को कुचल दिया। इस दुर्घटना में सुखचैनपुरा निवासी 17 वर्षीय साहिल खान पुत्र महेंद्र खान की मौके पर ही मौत हो गई। गुलशन कुमार का एक पैर का पंजा कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें डॉक्टरों ने रेफर कर दिया है। साहिल के शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे में फूलचंद पुत्र बीरबल राम (निवासी सुखचैनपुरा) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका उपचार जारी है। रावतसर निवासी आशीष पुत्र कालू खान भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर समेजा पुलिस के एएसआई विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और मृतक व घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रायसिंहनगर पुलिस ने भी राजकीय चिकित्सालय पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए। हादसे के बाद पिकअप, ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार चालक फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।