जोधपुर में एक बुलियन कारोबारी (सोने-चांदी का व्यापारी) ज्वेलर्स के 15 करोड़ के सोना-चांदी और केश लेकर फरार हो गया है। इससे बुलियन और ज्वेलरी मार्केट में हड़कंप मचा हुआ है। घटना घोड़ा चौक सोनी मार्केट घांचियों का बास की है। घोड़ा चौक स्थित आरके ज्वेलर्स के प्रोपराइटर मनीष शर्मा ने बताया- ग्राहकों से पैसा जमा करके बुलियन कारोबारी शब्बीर अली को करीब 4.50 करोड़ रुपए देखकर सोना चांदी की बुकिंग करवाई थी। रविवार को उसे माल सप्लाई करना था। धनतेरस के दिन ग्राहकों को यह सोना चांदी देना था। लेकिन साबिर फरार हो गया। मेरे पास ग्राहकों के लगातार फोन आ रहे हैं। अगर में अपनी दुकान बेच दूं तो भी इतना पैसा ग्राहकों को नहीं चुका पाउंगा। यदि ग्राहकों को पैसा नहीं लौटाया तो जमा जमाया विश्वास टूट जाएगा। विश्वास जमाने में पीढ़ियां लग जाती है। राखी पर दुकान खोली अब घर बेचने की नौबत सीके ज्वेलर्स के प्रोपराइटर भूपति सिंह ने बताया- करीब 2 महीने पहले राखी के दिन ही दुकान खोली थी। मैं पहले ज्वेलरी की कई दुकानों में काम कर चुका हूं। इसलिए धंधे की समझ थी। व्यापार करने के लिए यह दुकान खोली थी। ग्राहकों से जमा किए 1.20 करोड़ रुपए दिए थे। ग्राहकों को धनतेरस पर चांदी की डिलीवरी देनी थी। अब अपना घर बेचने की नौबत आ गई है, लेकिन स्थिति यह है कि वह अपना घर और सोना चांदी बेचकर भी यह पूरी रकम नहीं जुटा पाएंगे। घंटे भर के लिए सोना लेकर गया, फिर बोला- रास्ते में हूं और फिर बंद हो गया फोन नरेंद्र एंड संस के प्रोपराइटर नरेंद्र नानकनी ने बताया- शब्बीर अली मुझसे 100 ग्राम सोना यह कहकर के ले गया कि घंटे भर में वापस कर देगा। टाइम पूरा होने पर फोन किया तो जवाब दिया कि आ रहा हूं, रास्ते में ही हूं। इसके बाद मै्ं अपने घर चला गया। अगले दिन स्टाफ ने फोन किया तो कहा कि कुछ समय में आ जाएगा। लेकिन फिर फोन बंद हो गया। बढ़ सकता है ठगी का आंकड़ा आर ज्वेलर्स के प्रोपराइटर मोहित सोनी ने बताया- मैंने 9.35 लाख रुपए सोने के लिए शब्बीर अली को दिए थे। शनिवार या रविवार को उसे सोने के डिलीवरी देनी थी, लेकिन 12 अक्टूबर को ही फोन बंद करके गायब हो गया। वह 15 से 20 करोड़ का माल और नकदी लेकर गया है, लेकिन मार्केट में चर्चा है की यह आंकड़ा इससे बड़ा हो सकता है। क्या है मामला गौरतलब है कि शब्बीर अली को 12 अक्टूबर को मार्केट में सोना चांदी की डिलीवरी देनी थी। लेकिन दोपहर से ही उसका फोन स्विच ऑफ आने लग गया। मार्केट में बुलियन व्यापारी जिनको शब्बीर अली से डिलीवरी लेनी थी उन्होंने 13 अक्टूबर तक इंतजार किया। लेकिन फिर भी फोन बंद आया। इसके बाद सोमवार को सदर बाजार थाने जाकर एफआईआर दर्ज करवाई। सोमवार को दर्ज कराई गई 8 एफआईआर में करीब 15 करोड़ रुपए का सोना चांदी और नगदी लेकर फरार हो जाने की जानकारी सामने आई है। व्यापारियों का कहना है कि यह आंकड़ा बढ़कर 25 से 30 करोड़ रुपए हो सकता है। शब्बीर अली के फरार होने की खबर सुनकर कई और व्यापारी सामने आ रहे हैं। वहीं, कुछ लोग मुकदमा दर्ज करने से भी हिचकिचा रहे हैं। शब्बीर अली घोड़ा चौक में कादरी गोल टेस्टिंग के नाम से फर्म संचालित करता था। वह करीब 5-6 साल से यहां मार्केट में काम कर रहा था। इससे व्यापारियों में उसका भरोसा बना हुआ था। बताया जा रहा है कि उसके तीन पार्टनर और इस फॉर्म में सम्मिलित हैं। विश्वास पर चलता है बुलियन का कारोबार बुलियन के व्यापार में व्यापारिक कस्टमर से पैसे लेकर आगे होलसेलर को देते हैं। फिर होलसेल से सोना और चांदी की डिलीवरी लेकर वापस कस्टमर को दे देते हैं। इस तरह से यह पूरा व्यापार एक भरोसे पर टिका होता है। खास बात यह है कि इस भरोसे के व्यापार में लिखा पड़ी पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया जाता है। ऐसे में बुलियन कारोबारी शब्बीर अली कि इस धोखाधड़ी का नुकसान केवल व्यापारियों को नहीं बल्कि ग्राहकों को भी उठाना पड़ेगा। उनका पैसा भी फंस कर रह गया है। ये भी पढ़ें… बुलियन व्यापारी करोड़ों का सोना लेकर हुआ फरार:दीपावली को लेकर व्यापारियों ने दिया था एडवांस पेमेंट, 10 करोड़ की ठगी का अनुमान जोधपुर के घोड़ों का चौक में ज्वैलरी का काम करने वाला एक व्यक्ति माल देने के बहाने मार्केट के व्यापारियों से 10 से 12 करोड़ रुपए का सोना, चांदी और नकद रुपए लेकर जाने का अनुमान है। अभी तक 8 व्यापारियों के साथ ठगी का मामला सामने आया है। (पूरी खबर पढ़ें)