मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने वाले 148 सूचना सहायकों को नोटिस जारी किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र सोनी ने इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए विभिन्न विभागों से कुल 225 सूचना सहायकों की सेवाएं अधिग्रहीत की गई थीं। इन्हें 13 नवंबर को कार्यग्रहण करने के आदेश दिए गए थे, लेकिन इनमें से 148 सूचना सहायकों ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया। इसे निर्वाचन संबंधी कार्यों में गंभीर लापरवाही माना गया है। इस पर संज्ञान लेते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अनुपस्थित सूचना सहायकों को नोटिस जारी किए हैं। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि वे 14 नवंबर को सुबह 10 बजे तक कार्यग्रहण नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी। मेघराज मीणा ने यह भी बताया, निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील और राष्ट्रीय दायित्व से जुड़ा है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागाध्यक्षों को भी निर्देश दिए हैं कि वे निर्वाचन से संबंधित दायित्वों के निर्वहन में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें।
