डीग पुलिस ने ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीणा के निर्देश पर जालुकी, पहाड़ी और गोपालगढ़ थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 11 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 10 मोबाइल फोन और 12 फर्जी सिम कार्ड बरामद हुए हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ये ठग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय थे। वे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सस्ते आईफोन, लैपटॉप, सिलाई मशीन और दुधारू पशु बेचने के लुभावने विज्ञापन पोस्ट करते थे। ग्राहकों को झांसे में लेकर ये एडवांस पेमेंट के नाम पर मोटी रकम ठग लेते थे। इसके अतिरिक्त, ये आरोपी बुजुर्गों को वीडियो कॉल के जरिए फंसाकर ‘सेक्सटॉर्शन’ को भी अंजाम देते थे। वे न्यूड वीडियो रिकॉर्ड कर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग के माध्यम से ठगी करते थे। पुलिस ने बताया कि इन अपराधियों को पकड़ने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया गया। साइबर हेल्पलाइन नंबर ‘1930’ पोर्टल के आधार पर संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद विभिन्न थानों की पुलिस ने जालुकी, पहाड़ी, गोपालगढ़ और अन्य संबंधित क्षेत्रों में घेराबंदी कर इन ठगों को गिरफ्तार किया। सभी 11 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गहन पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि यह गिरोह अब तक कितने लोगों को शिकार बना चुका है और इस नेटवर्क में कितने अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस को रिमांड के दौरान कई और खुलासे होने की उम्मीद है।