प्राइवेट हॉस्टल में रहने वाली 10 साल की मासूम से हॉस्टल संचालक 1 महीने तक बार-बार रेप करता रहा। मासूम को धमकी दी कि अगर उसने ये बात किसी को बताई तो वह उसके छोटे भाई को जान से मार डालेगा। मासूम ने ये बात करीब 9 महीने तक छिपाए रखी। घिनौना काम करते समय आरोपी हॉस्टल संचालक मासूम के भाई को दूसरे कमरे में भेज देता था। परेशान होकर हॉस्टल छोड़ दिया और जब परिजन उसे हॉस्टल जाने की कहते तो मना कर देती। मासूम की तबीयत ख़राब हुई और इन्फेक्शन हुआ तो परिजनों ने डॉक्टर के दिखाया। इसके बाद मासूम ने पूरी कहानी बता दी। मामला टोंक के एक प्राइवेट हॉस्टल का है। रिपोर्ट बच्ची के पिता ने दर्ज करवाई है। संचालक समेत 4 के खिलाफ मामला दर्ज, सभी फरार जांच अधिकारी देवली डीएसपी हेमराज मूंड ने बताया- मंगलवार को दूनी थाने में आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कराया गया है। मुख्य आरोपी हॉस्टल संचालक मुकेश गुर्जर है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मुख्य आरोपी के पार्टनर हरिराम मीणा, मनीषा मीणा, वार्डन मनीष गुर्जर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। घटना के समय डर के कारण बच्ची ने परिजनों को इस बारे में कुछ भी नहीं बताया था। मामला दर्ज होने के बाद चारों आरोपी फरार है। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल करा लिया है। FSL रिपोर्ट आने के बाद रेप की पुष्टि होगी। छोटे भाई को मारने की धमकी देता पिता ने रिपोर्ट में बताया- आरोपी संचालक मुकेश गुर्जर दूनी में एक प्राइवेट हॉस्टल चलाता था। उसके हॉस्टल में जुलाई 2024 में 10 साल की मासूम बच्ची और उसके छोटे भाई को पढ़ने के लिए परिजनों ने हॉस्टल में एडमिशन करवाया था। आरोपी बच्ची को बहला फुसला कर दरिंदगी करने लगा। घिनौना काम करते वक्त वह बच्ची के भाई को दूसरे कमरे में शिफ्ट करवा देता था। हॉस्टल संचालक ने बच्ची को डरा दिया कि यदि उसने यह बात बताई, तो वह उसके भाई को मार देगा। इसके 2 महीने बाद बच्ची डर के मारे हॉस्टल में नहीं गई।