उदयपुर के गांधी ग्राउंड पर मंगलवार को होमगार्ड भर्ती के फिजिकल में उदयपुर जिले के अलावा बाहरी जिलों के अभ्यर्थियों को एंट्री नहीं देने से भारी विरोध हो गया। अभ्यर्थी विरोध पर उतर आए और ग्राउंड के बाहर ही नारेबाजी शुरू कर दी। अभ्यर्थियों का कहना था कि उनके प्रवेश पत्र में स्पष्ट लिखा है कि 31 मार्च मंगलवार को उदयपुर के गांधी ग्राउंड में सुबह 4 बजे से फिजिकल प्रस्तावित है। वे यहां आए तो उन्हें ये कहकर भगा दिया कि यहां सिर्फ उदयपुर जिले के मूल निवासी अभ्यर्थियों का ही फिजिकल प्रस्तावित है। अभ्यर्थियों ने होमगार्ड के जिम्मेदार अफसरों से बात करने का काफी प्रयास किया लेकिन उन्होंने बात नहीं की। पुलिस के जवानों ने उन्हें धक्का मारकर भगा दिया। निराश अभ्यर्थी कई घंटों तक ग्राउंड के बाहर ही खड़े रहे। उनकी किसी ने नहीं सुनी। फिजिकल की तैयारी की थी लेकिन एंट्री ही नहीं दी: महिपाल
नागौर से आए अभ्यर्थी महिपाल सिंह ने बताया कि मैं बीते 3 माह से रोज फिजिकल की तैयारी कर रहा था। नौकरी की आशा लेकर आया था लेकिन हमें जिस कारण से बाहर किया। उसका मतलब अभी तक समझ नहीं आ रहा कि आखिर हमारी गलती कहां है। अभ्यर्थी सोनू मेहरा ने बताया कि हमारे साथ अन्याय हुआ है। बार-बार मिन्नतें करने के बावजूद होमगार्ड के अफसरों ने एक भी नहीं सुनी। अब हम कोर्ट की शरण लेंगे। जहां से न्याय की उम्मीद है। आवेदन स्वीकार किया, प्रवेश पत्र देकर बुलाया: धर्मेन्द्रसिंह
भरतपुर से आए अभ्यर्थी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि मैं यहां एक उम्मीद के साथ आया था लेकिन एंट्री नहीं मिलने से मैं बहुत परेशान हूं। हमारी क्या गलती है। उदयपुर होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन स्वीकार किया गया। बाद में हमें प्रवेश पत्र देकर बुलाया। फिर यहां आने पर बाहरी कहकर भगा दिया।
