अलवर सरस डेयरी के डायरेक्टर के इलेक्शन में आज चुनाव लड़ने वाले ही नामांकन भरने समय पर नहीं पहुंचे। इसके बाद दोपहर 1.15 बजे चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। दरअसल, डायरेक्टर का चुनाव लड़ने वाले 12 उम्मीदवार एक ही बस से आ रहे थे। जो कुछ देर जाम में फंसी। कुछ होटल से ही देर से चले। इसके कारण समय पर नहीं आए तो चुनाव अधिकारी ने एक भी नामांकन जमा नहीं होने पर निर्वाचन की प्रक्रिया को स्थगित कर दिया। दोपहर 1 बजे तक ही नामांकन जमा होने थे। लेकिन समय तक डायरेक्टर का चुनाव लड़ने वाले नहीं आ पाए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद चर्चा है कि 12 डायरेक्टर के पदों के लिए 12 उम्मीदवारों को निर्विरोध लड़ाने की तैयारी थी। इसी की तैयारी करने में सभी होटल से ही लेट हो गए थे। इन सभी को बीजेपी के नेता केजी खंडेलवाल व इंद्र यादव बस में लेकर आए थे। लेकिन समय से केवल 2 मिनट देर से पहुंचे। सभी एक बस में सवार थे चुनाव प्रक्रिया के दौरान आए डोरोली दुग्ध समिति सचिव रामसिंह, लपाला से दुग्ध समिति सचिव कैलाश व गढ़ीसवाईराम से सचिव धोलियाराम मीणा ने बताया कि अधिकतर नामांकन भरने वाले अलवर के होटल में एकत्रित हुए थे। नामांकन पत्र अलवर सरस डेयरी के ऑफिस में जमा कराने थे। लेकिन रास्ते में जाम लग गया। इस कारण समय पर नहीं आ सके। बस में 12 लोग थे। इनके फॉर्म भरे जाने थे। पूर्व डायरेक्टर ने बताया कि एक बजे तक नामांकन जमा होने थे। लेकिन समय पर नहीं आए। प्रशासन ने देर से आने पर रोक दिया। फॉर्म नहीं लिए गए। किसी ने भी फॉर्म नहीं जमा कराया। अब नोटिस लगा दिया है। एक मिनी बस में थे चुनाव लड़ने वाले दरअसल, डेयरी में डायरेक्टर के 12 पदों पर चुनाव के लिए शुक्रवार से नामंकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। नामांकन का समय सुबह 10 से दोपहर 1 बजे का था। लेकिन कोई नामांकन जमा कराने नहीं आया। नामांकन करने वालों को मिनी बस में लेकर बीजेपी के नेता केजी खंडेलवाल व इंद्र यादव आए थे। लेकिन समय से केवल 2 मिनट देर से पहुंचे। इस कारण बस को वहीं से रवाना कर दिया गया। चुनाव लड़ने वालों को बस से भी नहीं उतारा गया। ये थी नामांकन की प्रक्रिया, अब पूरा कार्यक्रम दुबारा जारी होगा दरअसल, नामांकन भरने का वक्त 19 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक रखा गया था। इसके बाद सूचना का प्रकाशन होना था। 20 सितंबर को उम्मीदवार नाम वापसी सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक थी। इसके बाद चुनाव लड़ने वालों की सूची का प्रकाशन होना था। 29 सितंबर को जरूरत पड़ने पर ही मतदान होना था। मतदान का समय सुबह 9 से शाम 4 बजे तक रखा गया था। इसके बाद 1 अक्टूबर को अध्यक्ष निर्वाचन होना था। अब ये पूरा कार्यक्रम दुबारा जारी होगा। विवादित रहा है अलवर सरस डेयरी चेयरमैन का पद अलवर सरस डेयरी के तत्कालीन अध्यक्ष विश्राम गुर्जर को गत मई में उनके पद से हटा दिया गया था, क्योंकि डेयरी के नौ डायरेक्टरों ने इस्तीफा दे दिया था। विश्राम गुर्जर, जो 2022 में निर्विरोध अध्यक्ष बने थे, भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे थे। उससे पहले पूर्व चेयरमैन बन्नाराम मीणा को भी सस्पेंड किया गया था। उन पर बड़े भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।
