खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाने में हथियार की सफाई के दौरान गोली लगने से हेड कॉन्स्टेबल हरपाल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और वे आईसीयू में वेंटिलेटर पर हैं। 12 यूनिट रक्त चढ़ाया अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, हरपाल को सिर में गोली लगने के बाद गंभीर हालत में लाया गया था। तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम ने लगातार साढ़े पांच घंटे तक उनका ऑपरेशन किया। इस दौरान उन्हें लगभग एक दर्जन यूनिट रक्त चढ़ाया गया। अस्पताल के चीफ ऑपरेशन ऑफिसर डॉ. प्रदीप मालिक ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल की स्थिति अभी भी बेहद नाजुक है और चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। खैरथल-तिजारा के एसपी ब्रजेश उपाध्यक्ष अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर से हरपाल की स्थिति की जानकारी ली। थानाधिकारी मोहर सिंह भी शनिवार को दोबारा अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उपचार की प्रगति पर चर्चा की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह और पुलिस उपाधीक्षक लालसिंह भी लगातार डॉक्टरों के संपर्क में हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हरपाल थाने में मालखाना इंचार्ज के पद पर तैनात थे। परिजनों ने बताया कि करीब एक माह पहले हरपाल के बेटे का भी गांव में सड़क हादसा हो गया था, जिसके कारण वे छुट्टी पर थे। पांच दिन की छुट्टी पूरी करने के बाद वे शुक्रवार को ही ड्यूटी पर लौटे थे। ड्यूटी पर लौटने के कुछ घंटों बाद ही यह हादसा हो गया। …………. मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… थाने में हेड कॉन्स्टेबल के सिर के आर-पार हुई गोली:हथियारों की जांच करते समय हुआ फायर; आवाज सुनकर साथी पहुंचे तो बेहोश मिले खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाने में हेड कॉन्स्टेबल (मालखाना इंचार्ज) को गोली लग गई। हथियारों की जांच करते समय पिस्टल से फायर हो गया और गोली सिर के आर-पार हो गई। (पूरी खबर पढ़ें…)