सवाई माधोपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में हेडमास्टर ने रसोइए से मीट और टिक्कड़ बनवाए और खुद बाहर धूप में कुर्सी डालकर बैठ गया। इस दौरान बच्चों की छुट्टी कर मेन गेट पर अंदर से ताला लगा दिया। ग्रामीण पहुंचे तो नशे में धुत हेडमास्टर ने फोन पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से बात करने के लिए कहा। उन्होंने मना किया तो बोला- जो कार्रवाई हो कर लेना। मामला गंगापुर सिटी तहसील के राजकीय प्राथमिक स्कूल तालाब की ढाणी, हिंगोटा का है। इसका वीडियो भी सामने आया है। सबसे पहले देखिए स्कूल की 3 फोटो… बिना कोई कारण बच्चों की छुट्टी कर दी
ग्रामीणों के अनुसार, गंगापुर सिटी तहसील के राजकीय प्राथमिक स्कूल, तालाब की ढाणी में सोमवार को हेडमास्टर अमर सिंह मीणा ने बिना किसी ठोस कारण के स्कूल की छुट्टी कर दी और मेन गेट पर अंदर से ताला लगा दिया। दोपहर करीब 2:30 बजे दीवार फांदकर हम कुछ लोग अंदर पहुंचे तो हेड मास्टर नशे की हालत में नजर आया। वहीं, स्कूल की रसोई में रसोइया चूल्हे पर टिक्कड़ पका रहा था और गैस चूल्हे पर स्टील के भगोने में मीट पक रहा था। हेड मास्टर ने कहा- जो कार्रवाई हो कर लेना
ग्रामीणों ने बताया- हमने रसोइया से सब्जी के बारे में पूछा तो उसने कहा- सब्जी अभी बनाएंगे। उससे भगोने में पक रहे मीट के बारे में पूछा तो वह कोई जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद बाहर धूप में बैठे हेडमास्टर के पास पहुंचे तो वह नशे में धुत था। हमने उससे पूछा- यह क्या चल रहा तो उसने मोबाइल पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से बात करने के लिए कहा। जब हमने बात करने से मना कर दिया तो उसने कहा- जो कार्रवाई हो कर लेना। छुट्टियों के बाद आज खुला था स्कूल
बता दें सर्दी के चलते सवाई माधोपुर जिले में 10 जनवरी तक स्कूलों की छुट्टियां थी और 11 जनवरी को रविवार था। सोमवार (12 जनवरी) को स्कूल खुला था। दोपहर में हेडमास्टर ने पार्टी के लिए बच्चों की छुट्टी कर दी। स्कूल में हेड मास्टर सहित 4 का स्टाफ है और करीब 31 बच्चों का नामांकन है। दोषियों पर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने कहा- स्कूल परिसर में इस तरह की गतिविधियां नियमों का उल्लंघन ही नहीं, बच्चों की भावनाओं और शिक्षा के प्रति घोर असंवेदनशीलता को भी दर्शाती है। लोगों ने शिक्षा विभाग से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सीबीईओ ने कहा- मामले की जानकारी जुटा रहे
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) गायत्री वरमेंदू ने कहा- स्कूल में मीट बनवाने का वीडियो सामने आया है। पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (पीईईओ) को जानकारी के लिए कहा है, यदि ऐसा पाया जाता तो इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।

You missed