राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे फेज में आज उपसरपंचों के लिए वोटिंग हो रही है। इससे पहले गुरुवार को 3716 ग्राम पंचायत में पंच-सरपंच के लिए वोटिंग हुई और देर रात तक नतीजे आए। उदयपुर की नवाघरा ग्राम पंचायत में रिजल्ट आने के बाद हंगामा हो गया। हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने मतगणना स्थल पर पथराव कर दिया और आगजनी कर दी। आक्रोशित भीड़ ने गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर बावलवाडा सहित अन्य स्थानों से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को नियंत्रित किया। साथ ही फायर ब्रिगेड बुलाकर आग पर काबू पाया। कोटपूतली-बहरोड़ के नीमराना पंचायत समिति के गूगलकोटा ग्राम पंचायत में गुरुवार देर रात 2 बजे सरपंच परिणाम को लेकर विवाद हो गया। हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने पोलिंग पार्टी और पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने 12 के करीब लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं झुंझुनूं जिले की रामपुरा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के रिजल्ट को लेकर गुरुवार रात को विवाद हो गया। हारे प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने रिजल्ट पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की तो झड़प हो गई। बढ़ते तनाव के बीच प्रदर्शनकारी मौके से चले गए। घटना के बाद सुबह करीब 4 बजे मौके पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता बुलाया गया। उधर, उदयपुर के खेरवाड़ा से कांग्रेस विधायक दयाराम परमार की भाभी कमला परमार सरपंच का चुनाव हार गईं। सलूंबर से भाजपा विधायक शांता मीणा का बेटा भी चुनाव हार गया। चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की चाची टम्मा कंवर ने भी सरपंच का चुनाव जीता है। वसुंधरा राजे के मीडिया सलाहकार की पत्नी बनीं सरपंच
देवली (टोंक) में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के मीडिया सलाहकार महेंद्र भारद्वाज की पत्नी सरपंच का चुनाव जीती हैं। उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री के भाई की पत्नी को हराया। पूरी खबर पढ़िए
