भास्कर संवाददाता | सीकर बस डिपो के पास हाउसिंग बोर्ड में रविवार को धुएं का गुबार छा जाने से लोगों की आखों में अचानक जलन होने लगी। इससे स्थानीय लोग दहशत में आ गए और उन्होंने अपने मकानों को बंद कर लिए। गनीमत रही कि किसी भी स्थानीय निवासी को अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ी और वे घरों में कैद हो गए। कॉलोनी निवासी लालचंद और दलीप सिंह ने बताया कि रविवार शाम को अचानक आसमान में धुएं का गुबार छा गया था। पहले तो किसी को तकलीफ नहीं हुई। लेकिन, इसके बाद धुएं के कारण लोगों की आंखों में जलन होने की शिकायत आने लगी। शिकायतों की संख्या बढ़ी तो इसके बाद लोगों ने अपने मकानों के गेट बंद कर लिए और अंदर चले गए। धुआं कहा से आया इसका पता नहीं चला। प्रशासन की ओर से कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इधर, स्थानीय निवासी महेंद्र का कहना था कि धुएं का गुबार रात करीब नौ बजे तक छाया रहा। इस दरमियां कुछ लोगों को खांसी भी आने लगी थी। फैक्ट्रियां सीज फिर भी नहीं लगा जहरीले धुएं का पता : गत दिनों पहले शांति नगर में भी जहरीले धुएं से 100 से अधिक लोग बीमार हो गए थे। सबसे ज्यादा हालत खराब छोटे बच्चे और सांस की बीमारी वाले लोगों को झेलनी पड़ी। कइयों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और दो संदिग्ध फैक्ट्रियां भी सीज की थी। लेकिन, जहरीला धुंआ कहां से आया और किसने फैलाया इस बात का पता अभी तक नहीं चल पाया है।