जैसलमेर के सागड़ थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान टूटी हाईटेंशन लाइन के कारण बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों रात में खेत जा रहे थे और अंधेरे में रास्ते में गिरे तार को नहीं देख पाए। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह मिली, जिसके बाद पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हादसा मेघा गांव में बुधवार रात करीब 10 बजे हुआ। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हुई। रात में घर से खेत के लिए निकले थे दोनों युवक जानकारी के अनुसार, मेघा गांव निवासी चचेरे भाई विक्रम सिंह (25) पुत्र आम्ब सिंह और राजू सिंह (20) पुत्र चन्दन सिंह बुधवार रात करीब 9 बजे घर से खेत के लिए निकले थे। उन्हें मेघापार गांव स्थित खेत पर जाना था, जो करीब 5 किलोमीटर दूर है। परिजनों ने बताया कि दिनभर और देर रात तक बारिश होती रही। रात में कुछ समय के लिए बारिश थमने पर दोनों युवक खेत के लिए रवाना हुए। सड़क पर गिरे तार की चपेट में आए चेलक-मेघा मार्ग पर 11 केवी लाइन का तार बारिश के दौरान टूटकर रास्ते में गिर गया था। अंधेरे में यह तार दिखाई नहीं दिया और दोनों युवक सीधे उसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों के शव रातभर सड़क पर ही पड़े रहे। सुबह राहगीरों ने देखी घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे राहगीरों की आवाजाही के दौरान घटना का पता चला। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस और बिजली विभाग जांच में जुटे सूचना मिलने पर सागड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। बिजली निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह देखा जा रहा है कि लाइन टूटने के कारणों में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।