भरतपुर में हाईटेंशन बिजली लाइन से तार चुराने आए 2 चोर करंट की चपेट में आ गए। 1 चोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे का हाथ झुलस गया। उसके साथियों ने उसे RBM अस्पताल में भर्ती करवाया और फरार हो गए। घायल चोर को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। 33KV बिजली लाइन पर करीब 7 घंटे तक चोर का शव लटका रहा। रविवार सुबह 8 बजे लोगों ने बिजली के तार पर शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिजली सप्लाई बंद करवाकर शव नीचे उतारा। मामला चिकसाना थाना इलाके के इकरन गांव का है। जानकारी के अनुसार मरने वाला और घायल व्यक्ति बिजली तार चोरी के अपराधी थे। मरने वाले चोर के खिलाफ बिजली तार चोरी के 4 मामले पहले से दर्ज हैं। घटनास्थल के पास एक बोलेरो खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। इनके 6 साथी भी थे, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। सुबह लोगों ने तारों पर लटका देखा शव
ASI हुकुम सिंह ने बताया- सुबह करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि इकरन गांव में तेल मिल के सामने 33KV बिजली लाइन के तारों पर एक व्यक्ति का शव लटका हुआ है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बिजली विभाग को घटना की जानकारी दी। टीम ने बिजली सप्लाई बंद करवाकर शव को नीचे उतरा। शव की तलाशी लेने पर जेब में डॉक्यूमेंट मिले, जिससे उसकी पहचान हुई। पुलिस ने मृतक के पिता इंद्रजीत निवासी कृष्णा धाम कॉलोनी, मथुरा (यूपी) को मौके पर बुलाया। उन्होंने शव की शिनाख्त अपने बेटे सुनील (30) के रूप में की। पुलिस ने दोपहर करीब 1 बजे शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। रिपोर्ट में सामने आया कि मौत करंट लगने के कारण हुई। करंट के कारण चोर का शरीर बुरी तरह झुलस गया। पैर जलकर शरीर से अलग हो गया। 5 दिन पहले भी बिजली के तार किए थे चोरी
घायल गौरव ने पुलिस पूछताछ में बताया- 4 दिन पहले भी उसने अपने साथी सुनील और अन्य लोगों ने साथ इकरन इलाके में बिजली के तार चोरी किए थे। शनिवार देर रात करीब 12 बजे वह सुनील और अन्य साथियों के साथ दोबारा बिजली के तार चोरी करने आया था। वह और सुनील बिजली के तार काटने की कोशिश कर रहे थे, उस समय तारों में करंट था। तार काटते ही सुनील और वह खुद करंट की चपेट में आ गए। सुनील तारों पर लटका रह गया, जबकि वह दूर जाकर गिरा। इसके बाद उसके साथियों ने उसे RBM अस्पताल में भर्ती करवाया और फरार हो गए। उधर, बिजली विभाग मृतक और उसके घायल साथी के खिलाफ बिजली के तार चोरी करने की FIR दर्ज करवा रहा है।
