डीडवाना के दुर्गा कॉलोनी स्थित रावणा राजपूत समाज भवन में सोमवार को हाइफा हीरो मेजर दलपतसिंह देवली की 107वीं पुण्यतिथि मनाई गई। समाज के लोगों ने मेजर देवली के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके शौर्य को नमन किया। राजस्थान के वीर सपूत मेजर दलपतसिंह शेखावत ने प्रथम विश्व युद्ध में अद्भुत वीरता का परिचय दिया। 23 सितंबर 1918 को इजराइल के हाइफा शहर की मुक्ति में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मशीनगनों से लैस तुर्की सेना का सामना उन्होंने तलवारों और भालों से किया। दुश्मनों को परास्त कर हाइफा को आजाद कराया और इस दौरान वीरगति को प्राप्त हुए। मेजर देवली की वीरता को भारत और इजराइल दोनों देशों में सम्मान के साथ याद किया जाता है। हर साल 23 सितंबर को भारतीय सेना और इजराइल में इसे शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम में नाहरसिंह, नरेंद्रसिंह गिरधारीपुरा, आजादसिंह, एडवोकेट नरेंद्रसिंह, राजूसिंह, एडवोकेट अमितसिंह, जयसिंह, मूलसिंह थेबड़ी, अजयसिंह और भवानीसिंह सहित कई समाजबंधु मौजूद रहे।