हिसार जिले के हांसी में साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन के निर्देश पर साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुनील पुत्र रुपाराम और श्याम सुन्दर उर्फ गोपी पुत्र रामूराम के रूप में हुई है। ये दोनों राजस्थान के चुरु जिले के खारिया बाड़ा के रहने वाले हैं। थाना साइबर क्राइम हांसी में तैनात एएसआई रामबिलास ने बताया कि आरोपियों ने कुछ दिन पहले नारनौंद निवासी रितू पत्नी सुमित से ऑनलाइन ट्रेडिंग के बहाने 93 हजार 400 रुपए की ठगी की थी। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल नंबरों की ट्रैकिंग और बैंक खाते के लेनदेन की जांच के आधार पर पुलिस टीम राजस्थान पहुंची। वहां से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। लोगों को निवेश का लालच देकर ठगी करते थे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फर्जी ऑनलाइन लिंक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए लोगों को निवेश का लालच देकर ठगी करते थे। पुलिस ने बरामद 27 हजार रुपए को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने और कितने लोगों के साथ इस तरह की धोखाधड़ी की है। पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी ऑनलाइन निवेश या ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच कर लें। उन्होंने अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी और कहा कि ऐसे मामलों में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।