जयपुर में भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर की संगठनात्मक बैठक में ‘हर घर तिरंगा अभियान’, 9 अगस्त की तिरंगा यात्रा पर चर्चा की गई। वहीं संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त और सक्रिय बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। पाथेय कण भवन मालवीय नगर में प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय मौजूद रहे। बैठक में जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय का साफा, दुपट्टा भेंट कर अभिनंदन किया। प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय ने सभी जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों का परिचय प्राप्त किया। हर मंडल के शक्ति केंद्रों, वार्डों एवं बूथों की जानकारी ली। उन्होंने कहा- संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता हैं और प्रत्येक दायित्वधारी को अपने क्षेत्र की संगठनात्मक संरचना की संपूर्ण जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने वाला जनआंदोलन है। प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर नागरिकों को सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करे। मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर तिरंगा यात्राओं, जनसंपर्क अभियानों एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करे। संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा हुई अजेय ने कहा कि बैठक में विधानसभा एवं मंडलवार अभियान के क्रियान्वयन, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई। अभियान से संबंधित संयोजकों एवं सह-संयोजकों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम ने कहा- 9 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कहा- यह यात्रा केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना जागृत करने का माध्यम है। उन्होंने वर्ष 2014 के बाद देश में हुए विकास कार्यों, अटल टनल, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, आधारभूत संरचना के अभूतपूर्व विस्तार, वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा तथा “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मविश्वास के साथ विश्व मंच पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर रहा है। भाजपा की मूल विचारधारा “राष्ट्र प्रथम” तथा “व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण” जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा “राष्ट्र प्रथम” तथा “व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण” है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने सहित अनेक ऐतिहासिक निर्णयों के माध्यम से नए भारत की मजबूत नींव रखी गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा- प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन सर्वोपरि की भावना के साथ कार्य करे। उन्होंने कहा कि पार्टी का वास्तविक प्रतीक केवल कमल का फूल है और प्रत्येक कार्यकर्ता को परिणाम की चिंता किए बिना पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं अनुशासन के साथ संगठन के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कार्य करना चाहिए। जिला मीडिया सह-प्रभारी नयन माधाणी (अग्रवाल) ने बताया कि बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय, प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, प्रदेश मंत्री अजीत मण्डन, प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, विधायक गोपाल शर्मा, कालीचरण सराफ, कैलाश शर्मा, रवि नैयर, चंद्रमोहन बटवाड़ा, जयपुर शहर के जिला महामंत्री राजेश ताम्बी, नवरत्न नाणिया, रेखा राठौड़, जयपुर शहर के सह-प्रभारी राजेंद्र पराना सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी एवं बड़ी संख्या में बूथ स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।