जालंधर के डेरा बाबा अलमस्त बापू लाल बादशाह के मेले में शिरकत करने पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। जालंधर जिले के फिल्लौर में रास्ते के किनारे खड़े लोगों को देखकर मुख्यमंत्री ने न सिर्फ अपना काफिला रुकवाया, बल्कि गाड़ी से उतरकर आम लोगों से मुलाकात की। इस दौरान कई स्थानीय निवासियों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताईं, जिन्हें मुख्यमंत्री ने गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जालंधर के नकोदर स्थित प्रसिद्ध ‘डेरा बाबा अलमस्त बापू लाल बादशाह’ में आयोजित वार्षिक मेले में नतमस्तक होने और आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जब उनका काफिला वापस लौट रहा था, तभी फिल्लौर क्षेत्र में सड़क किनारे भारी संख्या में लोग उनके स्वागत और मुलाकात के लिए खड़े थे। जनता के प्रति आत्मीयता दिखाते हुए उन्होंने तुरंत गाड़ियों का काफिला रोकने के निर्देश दिए और लोगों के बीच पहुंच गए। इस दौरान लोगों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। सीएम सैनी ने उनका धन्यवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनी और एक महिला की समस्या का मौके पर समाधान भी किया। पंजाब की वर्तमान स्थिति और कानून-व्यवस्था पर बोला हमला पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पंजाब के लोगों से उन्हें भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है। जनता का मानना है कि आने वाला समय देश में भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ही है, जिन्होंने भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत किया है। वहीं पंजाब की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की गलत राजनीति के कारण आज पंजाब पिछड़ रहा है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा, किसानों को फसलों पर सही एमएसपी नहीं मिल रही है और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। पीड़ित महिला की समस्या का मौके पर ही कराया समाधान काफिला रोकने के दौरान एक स्थानीय महिला ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्या उनके समक्ष रखी। मामला सुनते ही मुख्यमंत्री सैनी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर मौजूद संबंधित थाना प्रभारी (SHO) को तुरंत निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महिला की शिकायत दर्ज कर उसे तुरंत बुलाया जाए और उसकी समस्या का प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निपटारा किया जाए।
