हरियाणा और राजस्थान की पीसीपीएनडीटी (Pre-Conception and Pre-Natal Diagnostic Techniques) टीम ने रविवार देर शाम संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए खेतड़ी क्षेत्र में भ्रूण जांच का धंधा करने वाले एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। टीम ने मौके से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन और 27 हजार रुपए कैश भी बरामद किए हैं। नारनौल पीसीपीएनडीटी टीम के नोडल अधिकारी डॉ. विजय कुमार ने बताया कि पिछले कई दिनों से सीमावर्ती क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को राजस्थान ले जाकर भ्रूण लिंग जांच कराने की सूचनाएं मिल रही थीं। इस पर हरियाणा की नारनौल टीम और राजस्थान की झुंझुनूं टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई। ऐसे बिछाया जाल टीम ने साढ़े 5 माह की गर्भवती महिला को डमी ग्राहक बनाकर जाल बिछाया। आरोपी ने महिला से 50 हजार रुपए में सौदा तय किया। योजना के तहत नकली ग्राहक महिला को 50 हजार रुपए देकर भेजा गया, जबकि टीम अलग-अलग गाड़ियों में निगरानी करते हुए पीछे-पीछे पहुंची। तय स्थान बीलवा चौराहे पर राजस्थान के पचेरी निवासी एजेंट सत्येंद्र अपनी सफेद बोलेरो गाड़ी में पहुंचा और महिला को साथ लेकर खेतड़ी क्षेत्र के बडाऊ गांव में स्थित एक मकान में ले गया। थैले में लेकर आया पोर्टेबल मशीन वहां पहले से मौजूद व्यक्ति अवधेश पांडे निवासी खेतड़ी पीठ पर थैला लटकाए पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन लेकर आया और कमरे में जाकर महिला की जांच की। जांच के दौरान उसने भ्रूण के लड़की होने की पुष्टि की। इसके बाद एजेंट सत्येंद्र ने महिला से ₹50 हजार ले लिए। जैसे ही महिला ने पूर्व निर्धारित इशारा किया, पीसीपीएनडीटी टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी। एजेंट मौके से हुआ फरार कार्रवाई के दौरान एजेंट सत्येंद्र मौके से अपनी गाड़ी में फरार हो गया, जबकि अल्ट्रासाउंड करने वाला अवधेश पांडे पकड़ा गया। तलाशी में उसकी जेब से 27 हजार रुपए बरामद हुए, जो नकली ग्राहक महिला को कार्रवाई से पूर्व दिए गए थे। पूछताछ में पता चला कि अवधेश पांडे के खिलाफ दो मामले नारनौल (हरियाणा) में तथा पांच मामले राजस्थान में पहले से दर्ज हैं। नहीं है कोई पंजीकरण डॉ. विजय कुमार ने बताया कि बरामद पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन का कोई पंजीकरण नहीं है और आरोपी के पास सोनोग्राफी करने की कोई शैक्षणिक योग्यता भी नहीं है। आरोपी के खिलाफ पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। ये रहे शामिल इस संयुक्त कार्रवाई में नारनौल पीसीपीएनडीटी सेल के डॉ. विजय, झुंझुनूं आरसीएचओ डॉ. दयानंद सिंह, अनीश सोनी, प्रदीप कुमार, एचसी अनिल कुमार, रितेश कुमार, कार्डिनेटर आनंद कुमार और दिनेश कुमार सहित कई अधिकारी शामिल रहे। टीम ने आरोपी को खेतड़ीनगर थाने में सौंपकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
