अमेरिका-इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले और उसके बाद जवाबी कार्रवाई में पूरे खाड़ी देश युद्ध की आग में झुलस रहे हैं। खाड़ी देशों में बेहरीन, UAE, कतर सहित कई देशों में बने अमेरिकी बेस के साथ साथ कई रिहायशी इलाकों में भी ईरानी मिसाइलें गिरी हैं। जिससे जान माल का भी नुकसान हुआ है। खाड़ी के देशों में डीडवाना-कुचामन जिले के हजारों लोग खाड़ी देशों में मजदूरी और व्यापार करते हैं। लोगों ने बताया- यहां दफ्तरों की छुट्टियां कर दी गई हैं और सरकार ने लोगों को सेफ जगह शिफ्ट कर दिया है। वहीं कई लोगों की आंखों के सामने ही तेज धमाके हुए। उनका कहना है- यहां माहौल बहुत खतरनाक लग रहा है और बाहर निकलने में भी डर लग रहा है। UAE में डीडवाना-कुचामन के करीब 50 लोग हैं। पढ़िए उनसे हुई बातचीत… पहले तस्वीरों में देखिये खाड़ी देशों के हालात… अब पढ़िए डीडवाना-कुचामन के लोगों की कहानी जबलाली में 10 विस्फोट लाडनूं के गिरधारीपुरा के रहने वाले राजेश कड़वासरा बताते हैं कि वे यहां एक दशक से भी ज्यादा समय से अपना ट्रक चलाते हैं। अभी दुबई के जबलाली एरिया में हैं और कल हमले शुरू होने के बाद पुरे दुबई में अलर्ट है। आज भी जबलाली एरिया में 8 से 10 विस्फोट हुए हैं। हालांकि, सरकार ने सबको सुरक्षित एरिया में रहने के लिए कहा है और घरों से बाहर निकलने की भी पाबंदी लगा दी है। हम सब लोग सुरक्षित हैं लेकिन भय के माहौल में है। मैं कल से अपने ट्रक में ही हूं। हालांकि सरकार ने सभी व्यवस्थाएं कर रखी है। लेकिन भय का माहौल बना हुआ है। घरों में रहने की सलाह आबू धाबी में रह रहे राजेश कड़वासरा के भाई हरी कड़वासरा ने बताया कि हम आबू धाबी में हैं। कल से ही हमें छुट्टी कर दी गई थी। एक रूम में हम तीन लोग हैं। हमारे आसपास कोई घटना नहीं हुई है। 50 किमी दूर हमले हुए हैं फिर भी हमें सुरक्षित घरों में ही रहने का आदेश मिला है। यह सभी लोग पेशे से ड्राइवर हैं। इनके साथ झुंझनू के रहने वाले हीरा नन्द और विक्रम बेनीवाल ने बताया कि हम जिस कम्पनी में काम करते हैं वहां 1.5 लाख लोग हैं और कम्पनी ने सबको सेफ कर दिया है। हम सब अभी सुरक्षित हैं। अचानक बिल्डिंग में हुए धमाके लाडनूं के ही मिण्डासरी निवासी निर्मल ठोलिया ने बताया कि कल में जबलाली पार्को एरिया से निकल रहा था। तभी हमारे सामने ही एक बिल्डिंग में कई धमाके हुए। पूरी बिल्डिंग आग की लपटों में घिर गई। हम वहां से सुरक्षित निकल गए। हम यहां 25-30 लोग हैं जो डीडवाना और आसपास के एरिया के साथ राजस्थान से हैं। मेरे से 700 मीटर दूर ही अभी थोड़ी देर पहले मिसाइल हमला हुआ है। हमें बाहर निकलने से मना कर दिया गया है। हम सभी सुरक्षित हैं लेकिन माहौल बहुत खराब है सभी डरे हुए हैं। माहौल खतरनाक डीडवाना के नजदीक बड़ी बेरी के रहने वाले और कंस्ट्रक्शन कंपनी में सुपर वाइजर प्रेम रॉयल ने बताया कि हमें कल ही छुट्टी पर भेज दिया था। हम अभी सब लोग घरों में ही है। आसपास के एरिया में लगातार धमाके हो रहे हैं। माहौल बहुत खतरनाक है लेकिन हम सब सुरक्षित हैं।
