हनुमानगढ़ जिले में पल्लू पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.5 करोड़ रुपए की अवैध शराब जब्त की है। यह शराब चावल की भूसी के बोरों में छिपाकर एक ट्रेलर से पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पल्लू थाना पुलिस ने मेगा हाईवे सरदारशहर-पल्लू रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रेलर को रोका। तलाशी लेने पर ट्रेलर में चावल की भूसी से भरे प्लास्टिक के कट्टों के नीचे पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की 580 पेटियां और बीयर की 190 पेटियां मिलीं। कुल 6960 बोतल अंग्रेजी शराब और 4560 बोतल बीयर जब्त की गई। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सेक्टर नोहर गीता चौधरी और वृत्ताधिकारी वृत्त नोहर संजीव कटेवा के सुपरविजन में पल्लू थानाधिकारी उपनिरीक्षक विजेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने की। इस अभियान में चूरू की जिला विशेष टीम का भी सहयोग रहा। पुलिस ने बाड़मेर जिले के रतासर निवासी भंवराराम पुत्र चैनाराम जाट (24) और सुरेश कुमार पुत्र दमाराम जाट (20) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी रतासर पुलिस थाना बिजड़ा के रहने वाले हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों, अवैध हथियारों, जुआ-सट्टे, अवैध धंधों और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई इन्हीं निर्देशों के तहत की गई है।
