हनुमानगढ़ में बिगड़ती यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश को लेकर चिंता बढ़ गई है। सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि जंक्शन क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था लगातार खराब हो रही है, जिससे आमजन, व्यापारी और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने पहले ही सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया था, लेकिन वर्तमान में इस आदेश की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। सुशील बहल के अनुसार, सतीपुरा से चूना फाटक, शहीद भगत सिंह चौक, राजीव चौक, अंबेडकर चौक से कलक्ट्रेट स्टेडियम रोड, तिलक सर्किल और लाल चौक जैसे व्यस्त मार्गों पर भारी वाहन बेरोकटोक गुजर रहे हैं। इससे पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। खासकर चूना फाटक क्षेत्र में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं, जहां रोजाना जाम लगना आम बात हो गई है। उन्होंने बताया कि कई बार जाम इतना गंभीर हो जाता है कि वाहन घंटों फंसे रहते हैं। पूर्व में भी भारी वाहनों के कारण कई हादसे हो चुके हैं। इसके अलावा, इन मार्गों पर कई स्कूल स्थित हैं, जहां से प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बहल ने मांग की है कि प्रतिबंध के नियमों की सख्ती से पालना करवाई जाए, प्रमुख स्थानों पर पुलिस तैनाती बढ़ाई जाए और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।