बारां जिले के पाली थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों के शक में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे, जिन्हें मध्यप्रदेश के साहानी कस्बे से पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि तेलनी निवासी विजय सिंह भील ने 5 मार्च 2026 को पाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, उनका पुत्र गजराज सिंह उर्फ गजरा 4 मार्च की रात गेहूं की फसल की रखवाली के लिए खेत पर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश करते हुए रामस्वरूप भील के मकान पर गजराज को बबूल के पेड़ से हाथ-पैर बंधा हुआ और मारपीट की स्थिति में पाया। आरोप है कि रामस्वरूप, बलराम, सीताराम, राधेश्याम, राजाराम और शीलाबाई मिलकर युवक के साथ मारपीट कर रहे थे। अगले दिन सुबह गजराज का शव घर के बाहर सड़क पर पड़ा मिला। इस मामले में पाली थाना पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने पहले ही बलराम, रामस्वरूप, सीताराम और शीलाबाई को गिरफ्तार कर लिया था। घटना के बाद से फरार चल रहे राजाराम और राधेश्याम की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल कुमार और वृत्ताधिकारी ताराचंद के सुपरविजन में गठित टीम ने पहाड़ी और आदिवासी क्षेत्रों में तलाश के बाद तेलनी निवासी राजाराम और राधेश्याम भील को मध्यप्रदेश के साहानी कस्बे से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक गजराज के बलराम भील की पत्नी शीलाबाई से अवैध संबंध होने का संदेह था। इसी शक में आरोपियों ने मिलकर गजराज को खेत से उठाकर घर ले जाकर बेरहमी से पीटा और उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया था।