उदयपुर का चिकित्सा विभाग शक्ति प्रदर्शन का अखाड़ा बनकर रह गया है। सीएमएचओ फर्स्ट डॉ. अशोक आदित्य और सेकंड डॉ. ओपी रायपुरिया के बीच कार्यक्षेत्र को लेकर चल रहे विवाद के बीच नए समीकरण बन गए हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद डॉ. एसएल बामणिया एक बार फिर यानी तीसरी बार सीएमएचओ की कुर्सी पर काबिज हो गए हैं। खास बात यह है कि दैनिक भास्कर ने एक दिन पहले ही बता दिया था कि बामणिया की जल्द ही वापसी हो सकती है। प्रदेश सरकार ने गत 17 अक्टूबर को डॉ. बामणिया को निलंबित कर दिया था। इसके पीछे विभागीय जांच प्रस्तावित होने को कारण बताया गया। निलंबन काल में उन्हें जयपुर में निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं में ड्यूटी देने के आदेश दिए गए थे। इसी आदेश के विरूद्ध डॉ. बामणिया हाईकोर्ट गए थे। अब हाईकोर्ट ने उन्हें फिर से सीएमएचओ बनाने के आदेश जारी किए हैं। डॉ. ओमप्रकाश रायपुरिया को मिले डीडीओ पावर क्षेत्राधिकार के विवाद के बीच चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सीएमएचओ सेकंड डॉ. ओमप्रकाश रायपुरिया को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। जारी आदेश के अनुसार उन्हें कार्यालयाध्यक्ष घोषित करते हुए आहरण एवं वितरण अधिकारी (डीडीओ) की शक्तियां प्रदान की गई हैं। संयुक्त शासन सचिव निशा मीना ने यह आदेश जारी किया है। निदेशक बोले- सरकार से मांगेंगे मार्गदर्शन संयुक्त िनदेशक डॉ. प्रकाश शर्मा का कहना है कि सीएमएचओ फर्स्ट में दो-दो अफसर होने से असमंजस है। इसको लेकर सरकार से मार्गदर्शन मांंगा जाएगा। बामणिया ने कोर्ट के निर्देश पर ज्वाइन किया है। उनके पास अभी डीडीओ पावर नहीं है। ये पावर आदित्य के पास हैं। ऐसे में स्थिति स्पष्ट होने में एक-दो दिन लगेंगे। लंबित जांच पर निलंबन, यही बनी वापसी का आधार डॉ. बामणिया ने हाईकोर्ट में निलंबन के खिलाफ अधिवक्ता विकास बालिया और दिनेश गोदारा के जरिए याचिका दायर की थी। अधिवक्ताओं ने तर्क दिया गया कि निलंबन आदेश में यह स्पष्ट नहीं था कि किस आरोप की जांच होनी। जिन दो चार्जशीट का हवाला दिया गया है, वो बहुत मामूली थी। अधिकांश आरोप डिविजनल बेंच की ओर ट्रांसफर रद्द करने और कंटेम्प्ट नोटिस के बाद उभरे। ऐसे में यह कार्रवाई पूर्वाग्रह से ग्रसित थे। खंडपीठ में तीन दिन सुनवाई चली। डॉ. बामणिया ने बताया कि उनका ट्रांसफर झूठी शिकायतों के आधार पर किया गया। संयुक्त निदेशक की जांच में सभी आरोप मिथ्या पाए गए। बीसीएमओ से जेडी तक चली कुर्सी की खींचतान }मार्च 2021 : गिर्वा में बीसीएमओ डॉ. निधि का ट्रांसफर राजसमंद किया। डॉ. पृथ्वीराज जीनगर को लगाया गया। डॉ. निधि हाईकोर्ट से स्टे ले आईं। }सितंबर 2022 : बीसीएमओ बड़गांव की कुर्सी के लिए डॉ. गणपत और डॉ. अरुणसिंह में जंग हुई। मामला कोर्ट तक पहुंचा। दोनों में धक्का मुक्की तक हुई। }अगस्त 2022: डॉ. दिनेश खराड़ी को सीएमएचओ के पद से हटाकर डॉ. बामणिया को सीएमएचओ लगाया था। आदेश के खिलाफ डॉ. खराड़ी हाइकोर्ट पहुंचे। }अगस्त 2024 : संयुक्त निदेशक पद पर सरकार ने डॉ. प्रकाश चन्द्र शर्मा को लगाया। पूर्व जेडी डॉ. जुल्फिकार काजी हाइकोर्ट से स्टे लाकर कुर्सी पर जमे। }मार्च 2024 : बंबोरा सीएचसी पर तैनात डॉ. मुकेश अटल को 7 मार्च को एपीओ कर दिया गया। इनका मुख्यालय जयपुर किया गया था। वे कोर्ट से स्टे ले आए। आदित्य तीन बार सीएमएचओ बने, बामणिया ने तीनों बार हाईकोर्ट से आदेश लाकर हटाया डॉ. बामणिया गत 4 अगस्त 2022 को सीएमएचओ बने थे। लेकिन, विभाग ने उन्हें 15 मार्च 2024 को आरसीएचओ बना दिया। उनकी जगह आरसीएचओ डॉ. आदित्य को सीएमएचओ बनाया गया। तब डॉ. बामणिया हाइकोर्ट से स्टे ले आए। इसके बाद डॉ. आदित्य ने डबल बेंच में अपील की। लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। 7 जनवरी 25 को विभाग ने डॉ. बामणिया का प्रतापगढ़ तबादला कर दिया। सीएमएचओ पद का चार्ज फिर से आदित्य के पास आ गया। लेकिन, बामणिया फिर से हाईकोर्ट जाकर कुर्सी पर काबिज हो गए। उन्होंने 11 अप्रैल 25 को ज्वाइन कर लिया, लेकिन सरकार ने उन्हें डीडीओ पावर नहीं दिया था। बेंच ने 4 अगस्त को आदेश देकर सरकार को चार सप्ताह में ये पावर उन्हें देने के लिए कहा। एक सितंबर को सुनवाई से पहले ही उन्हें ये पावर दे दिया गया। लेकिन, उन्हें 17 अक्टूबर को फिर से निलंबित कर दिया गया। स्कोर बराबर… बामणिया-आदित्य तीन-तीन बार बन चुके सीएमएचओ उदयपुर में सीएमएचओ की कुर्सी को लेकर करीब ढाई साल से विवाद की स्थिति बनी हुई है। डॉ. अशोक आदित्य अब तक तीन बार इस कुर्सी पर बैठ चुके हैं। डॉ. बामणिया ने फिर से यह कुर्सी हथिया कर तीन-तीन से स्कोर बराबर कर लिया है। बामणिया मंगलवार को हाईकोर्ट का आदेश लेकर सीएमएचओ के पद पर ज्वाइन करने पहंुंचे। सुबह डॉ. आदित्य ऑफिस जरूर पहुंचे थे, लेकिन डॉ. बामनिया जब ज्वाइन करने पहुंचे तब तक वे कलेक्ट्रेट में मीटिंग के लिए निकल गए थे। ऐसे में दोनों का पहले दिन आमना-सामना नहीं हो सका। _photocaption_डॉ शंकरलाल बमानिया ने दी जॉइनिंग।*photocaption*