सिरोही जिला अस्पताल के जनाना परिसर में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आगाज सरस्वती पूजन से किया गया। राज्यमंत्री ओटाराम देवासी मुख्य अतिथि थे, जबकि सांसद लुम्बाराम चौधरी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस मौके पर जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष गणपत सिंह राठौड़ और सीओ जिला परिषद प्रकाश अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इसके तहत मातृ एवं शिशु सुरक्षा कार्ड, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना नामांकन, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सिकल सेल कार्ड और पोषण ट्रैकर पंजीकरण जैसी प्रमुख स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ महिलाओं और बालिकाओं को मिलेगा। ये शिविर सीएचसी, पीएचसी और उपस्वास्थ्य केंद्रों पर 2 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “सेवा ही संकल्प, राष्ट्र प्रथम” की प्रेरणा से शुरू किया गया यह अभियान राष्ट्र के स्वास्थ्य परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव लाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर रक्तदान करने पर गर्व व्यक्त किया। सांसद लुम्बाराम चौधरी ने बताया कि अभियान में महिलाओं के लिए ईएनटी, नेत्र, रक्तचाप, मधुमेह, दंत जांच, कैंसर जांच, प्रसवपूर्व जांच, टीकाकरण, एनीमिया स्तर जांच, टीबी जांच और सिकल सेल एनीमिया जांच सहित विशेष परामर्श शिविर आयोजित होंगे। इससे नारी शक्ति और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने महिलाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान नारी स्वास्थ्य और परिवार सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। मंत्री देवासी ने जोर दिया कि यदि घर में माता स्वस्थ है, तो पूरा परिवार स्वस्थ रहेगा।
