जैसलमेर. स्वर्णनगरी के बाजारों में गुरुवार को धनतेरस के साथ ही धनवर्षा का माहौल नजर आया। दीपोत्सव के आगाज के साथ बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़ ने कारोबारियों के चेहरों पर रौनक ला दी। लंबे समय से त्योहारी ग्राहकी का इंतजार कर रहे व्यापार जगत के लिए धनतेरस खुशियों की सौगात लेकर आई। शहर में विभिन्न क्षेत्रों को मिलाकर करीब 40 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। वाहनों के शोरूम से लेकर मोबाइल, इलेक्ट्रोनिक्स, आभूषण, कपड़े, बर्तन और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की रेलमपेल रही। बाजारों की चहल-पहल और प्रतिष्ठानों की रोशनी ने पहली बार दीपावली के आगमन का वास्तविक अहसास कराया।