भास्कर न्यूज | झालावाड़ राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर राजकीय पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई जिला स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा ने किया। उन्होंने प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की स्टॉल्स पर जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, विभिन्न जनोपयोगी उपकरणों एवं उत्पादों, नवाचारों एवं उपलब्धियों का अवलोकन किया। कलेक्टर राठौड़ सहित अतिथियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को योजनाओं की प्रति जागरूक किया जाए, जिससे विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति की ओर तेजी से आगे बढ़ा जा सके। जनसंपर्क अधिकारी हेमंत छीपा ने बताया कि इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, झालावाड़ द्वारा तैयार की गई जिला विकास पुस्तिका का विमोचन कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद झालावाड़ के सभापति प्रदीप सिंह राजावत, पंचायत समिति झालरापाटन की पूर्व प्रधान भावना झाला, महिला मोर्चा की ज़िलाध्यक्ष रंजिता पांडे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गई इस प्रदर्शनी में विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, योजनाओं एवं उपलब्धियों को फोटो स्टैंडी के माध्यम से दर्शाया गया है। यह जिला स्तरीय प्रदर्शनी 18 दिसम्बर तक आयोजित होगी, जिसमें आमजन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक विजिट कर सकेंगे। जिला स्तरीय प्रदर्शनी के उद्घाटन के पश्चात जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान छात्रा दिया कुमारी ने बताया कि यह प्रदर्शनी हम युवाओं को राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा किए गए विकास कार्यों, नवाचारों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने में सहायक है। प्रदर्शनी में जिले में किए गए विकास कार्यों को चित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक रामनिवास यादव ने बताया कि इस अवसर पर विभाग के माध्यम से अतिथियों द्वारा 30 पात्र दिव्यांगजनों को स्कूटी का वितरण किया गया।
