भास्कर न्यूज़ | लुधियाना गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी में चल रहे यूथ फेस्टिवल के दूसरे दिन फाइन आर्ट्स की गतिविधियों ने माहौल को रचनात्मकता और रंगों से भर दिया। मौके पर पेंटिंग, मिट्टी की मूर्ति बनाने और कोलाज तैयार करने की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विभिन्न कॉलेजों के स्टूडेंट्स ने उत्साह और नवाचार के साथ भाग लिया। वाइस-चांसलर डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने कहा कि यह फेस्टिवल यूनिवर्सिटी की विविधता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि कला से जुड़े ये कार्यक्रम स्टूडेंट्स को आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और अभिव्यक्ति की शक्ति प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को पूरी ऊर्जा के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। डायरेक्टर स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. राबिंदर सिंह औलख ने कहा कि इस फेस्टिवल से स्टूडेंट्स टीम वर्क, टाइम मैनेजमेंट और हेल्दी कॉम्पिटिशन की भावना सीखते हैं। प्रशासकीय सचिव डॉ. सर्वप्रीत सिंह घुम्मन ने प्रतियोगिताओं के विषयों की जानकारी देते हुए बताया कि कोलाज के लिए ‘स्थिर जीवन’ और ‘बीच’ चुने गए थे। पेंटिंग के लिए यूनिवर्सिटी के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक को विषय रखा गया, जबकि मिट्टी की मूर्ति बनाने की प्रतियोगिता ‘मदारी’ और ‘गांव की लड़की एक जानवर के साथ’ विषयों पर आधारित थी। इन प्रतियोगिताओं में कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस, लुधियाना, कॉलेज ऑफ फिशरीज, कॉलेज ऑफ डेयरी एंड फूड साइंस टेक्नोलॉजी, कॉलेज ऑफ एनिमल बायोटेक्नोलॉजी, वेटरनरी पॉलिटेक्निक कालझरानी, कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस रामपुरा फूल और खालसा कॉलेज अमृतसर के स्टूडेंट्स ने भाग लिया। फेस्टिवल के दूसरे दिन स्टूडेंट्स की रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति देखने लायक रही। {मिट्टी की मूर्ति बनाना : इशनूर कौर ने पहला स्थान, नखवा श्लोक सचिन ने दूसरा और इंदर कुमार ने तीसरा स्थान पाया। आज होने वाले कार्यक्रम डॉ. घुम्मन ने बताया कि आज सुबह 9 बजे रंगोली, दोपहर 12 बजे इंस्टॉलेशन और शाम 3 बजे इलोक्यूशन व पोएट्री कॉम्पिटिशन होंगे। सुबह के कार्यक्रम कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस के एग्जामिनेशन हॉल में और दोपहर के कार्यक्रम कॉलेज ऑफ एनिमल बायोटेक्नोलॉजी के ऑडिटोरियम में होंगे। ये रहे नतीजे : {पेंटिंग : समरीत कौर पहले, शेख मोहम्मद दूसरे और अतिका तस्नीम हुसैन तीसरे स्थान पर रहे। {कार्टून बनाना : समरप्रीत सिंह पहले, लवलीन कौर दूसरे और आर्यन शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। {पोस्टर बनाना : पुनीत रेहान पहले, हिमांशी गुंजे दूसरे और नवदीप कौर धीमान तीसरे स्थान पर रहे।