जयपुर में स्कॉर्पियो बैलेंस बिगड़ने पर बीच सड़क पर लगी लोहे की रेलिंग को तोड़कर उसमें जा घुसी। टक्कर से जाली का एंगल स्कॉर्पियो का शीशा तोड़कर गाड़ी चला रहे युवक के सीने में जा घुसा। हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने कटर की मदद से एंगल को काटकर युवक के शव को बाहर निकाला। वहीं पास में बैठा युवक बाल-बाल बच गया। हादसा मुरलीपुरा इलाके में गुरुवार देर रात हुआ। हेड कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार ने बताया- हादसे में आनंद सिंह शेखावत (28) पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी सुंदर विहार करधनी की मौत हो गई। वह स्कॉर्पियो को ड्राइव कर रहा था। उसके साथ दोस्त शक्ति प्रताप (22) निवासी देवधारा कॉलोनी मुरलीपुरा बैठा था। बैंलेस बिगड़ने पर लोहे की रेलिंग से टकराई गाड़ी दोनों दोस्त गुरुवार रात किसी काम से स्कॉर्पियो में जा रहे थे। देर रात 2:40 बजे दादी का फाटक से मुरलीपुरा की तरफ जाते समय स्कॉर्पियो का बैलेंस बिगड़ गया। मुरलीपुरा केडिया चौराहे के पास सड़क के बीच बनी लोहे की रेलिंग से स्कॉर्पियो टकरा गई। टक्कर लगने से एंगल स्कॉर्पियो का शीशा तोड़कर अंदर जाकर ड्राइवर आनंद सिंह के सीने में जा घुसा। कटर से लोहा कटवाकर युवक का शव निकाला युवक के दोस्त की सूचना पर मुरलीपुरा और एक्सीडेंट थाना वेस्ट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोहे की एंगल को कटर से काटकर युवक को बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से कांवटिया हॉस्पिटल भिजवाया गया। डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। — अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्या को दैनिक भास्कर एप के सिविक इश्यू में पोस्ट करना के लिए क्लिक करें।