पाली शहर के एक नामी निजी स्कूल के मैनेजर और बस ड्राइवर पर स्कूल के बागवान की पत्नी के साथ रेप करने का आरोप है। 28 साल की पीड़िता का आरोप है मामला दर्ज होने के 17 दिन बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। इसके बाद पीड़िता अपने 2 साल के बच्चे को लेकर एसपी ऑफिस पहुंची और राजीनामे का दबाव बनाने की बात कहते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। पीड़िता का आरोप है कि दोनों ने जबरन उसके साथ संबंध बनाए और वीडियो-फोटो रिकॉर्ड लिए। इसके बाद बार-बार उसे मिलने बुलाने के बहाने रेप किया। साथ ही धमकी दी कि अगर ये बात किसी को बताई तो उसके बच्चे और पति को जान से मार देंगे। मामला पाली के सदर थाना इलाके का है। पीड़िता ने 3 सितंबर को थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं होने पर 19 सितंबर को एसपी ऑफिस पहुंची। कमरे पर आ गया ड्राइवर, धमका कर रेप किया पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया था कि उसका पति सदर थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल में बागवानी का काम करता है जहां स्कूल परिसर में ही बने एक कमरे में वह अपने पति और बेटे के साथ रही है। रिपोर्ट में बताया कि 9 अगस्त 2025 को उसके पति किसी काम से गांव गए हुए थे। इस दौरान उसके फोन नंबर पर स्कूल बस चलाने वाले ड्राइवर का मिस कॉल आया तो उसने वापस कॉल किया। ड्राइवर बोला कि तुम्हारा पति कहा है स्कूल का कोई काम है। जब उसने बताया कि पति गांव गया हुआ है तो आरोपी ड्राइवर 20 मिनट बाद उसके कमरे पर आया। उसे अकेला देख डरा-धमका कर रेप किया और किसी को कुछ भी बताने पर पति और बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। आधे घंटे बाद मैनेजर भी आया पीड़िता ने FIR में आरोप लगाया कि इसके बाद 9 अगस्त को आरोपी ड्राइवर ने उससे रेप किया और करीब आधे घंटे बाद स्कूल मैनेजर को लेकर उसके रूम पर आया और ड्राइवर ने बाेला कि इसने सबकुछ देख लिया है। अब इसको भी खुश करो नहीं तो यह सबको बता देगा। उसने मना किया लेकिन स्कूल मैनेजर नहीं माना और उसके साथ जबरदस्ती की। आरोप है इसके फोटो-वीडियो भी बनाए और जाते-जाते धमकी दी कि किसी को कुछ बताया जो फोटो-वीडियो वायरल कर देंगे और तुम्हारे पति को भी मार देंगे। इस पर पीड़िता ने किसी को कुछ नहीं बताया। होटल में ले जाकर की जबरदस्ती पीड़िता ने बताया कि 15 अगस्त 2025 को उसे गांव जाना था। उसका पति उसे बाइक पर बस स्टैंड छोड़ने जा रहा था। इतने में स्कूल मैनेजर ने उसे दूध लेने के लिए भेज दिया। फिर उससे बोला कि वह उसे बस स्टैंड छोड़ देगा। मना किया तो बोला कि आगे स्कूल बस का ड्राइवर खड़ा है उसके मोबाइल में तुम्हारे फोटो-वीडियो है जो डिलीट करवा दूंगा। ऐसे में उसके झांसे में आकर बाइक पर बैठ गई। आरोप है कि रिलायंस मॉल के पास स्कूल मैनेजर ने उसे ड्राइवर के पास छोड़ दिया। जो उसे फोटो-वीडियो डिलीट करने की बात कहते हुए एक होटल में ले गया और जबरदस्ती की। शाम करीब 7 बजे उसे बाइक पर बैठाकर उसके पीहर छोड़कर चला गया। बार-बार परेशान करने लगे तो पति को बताई सारी बात पीड़िता ने बताया कि उसने किसी से कुछ नहीं कहा तो आरोपियों के हौंसले बढ़ गए। वे उसे बार-बार कॉल कर मिलने के लिए बुलाते थे। इससे परेशान होकर उसने अपने पति को सारी बात बताई। तब उन्होंने हौसला दिया और सदर थाने में आरोपी स्कूल बस ड्राइवर और मैनेजर के खिलाफ रिपोर्ट 3 सितम्बर को दर्ज करवाई लेकिन अभी तक सदर थाना पुलिस ने आरोपियों को नहीं पकड़ा।
