पाली जिले के सोजत में मेहंदी की एक फैक्ट्री में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की जलकर मौत हो गई। वहीं कई वर्कर्स की बुरी तरह से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए। घटना रात करीब 12 बजे, सोजत शहर के चामुंडा माता मंदिर के पास स्थित एक फैक्ट्री में हुई। इस हादसे में दो झुलसे लोगों को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। इसके बाद सोजत हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। दो लोगों को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर कर दिया गया। अन्य कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका
घटना के तुरंत बाद सोजत पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। देर रात तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हैं। फैक्ट्री के अंदर अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते फायर ब्रिगेड कर्मी जल्द से जल्द लपटों पर काबू पाने की कोशिश में हैं। धुएं की वजह से बचाव कार्य मुश्किल
पुलिस टीम ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री परिसर में गाढ़ा धुआं भर जाने से बचाव कार्य में काफी परेशानी आ रही है।