सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में राजस्थान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आज अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में त्रिपुरा को 5 विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए त्रिपुरा ने 20 ओवर में 169 का स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए मुरा सिंह ने 40, श्रीदाम ने 37 और हनुमा विहारी ने 36 रन का योगदान दिया। राजस्थान की ओर से कमलेश नागरकोटी ने 34 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि अशोक शर्मा ने 18 रन देकर 2 विकेट लिए। महिपाल लोमरोर और राहुल चाहर ने एक-एक विकेट हासिल किया। वहीं 170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने बेहतरीन शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज शुभम गढ़वाल और भरत शर्मा ने पहले छह ओवर में 72 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। शुभम गढ़वाल ने सिर्फ 20 गेंदों में 51 रन की आतिशी अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 6 छक्के शामिल थे। टीम के लिए इसके बाद कुणाल सिंह राठौड़ ने नाबाद 33, भरत शर्मा ने 22, महिपाल लोमरोर ने 18 और मानव सुथार ने नाबाद 16 रन बनाए। राजस्थान ने 18.5 ओवर में 5 विकेट खोकर 171 बनाकर जीत दर्ज की। त्रिपुरा की ओर से स्वप्निल ने 42 रन देकर 3 विकेट और साहा ने 27 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। राजस्थान की इस जीत के साथ टीम के आत्मविश्वास में बड़ा इजाफा हुआ है। दूसरी ओर RCA अंडर-16 और अंडर-15 विमेंस चैलेंजर ट्रॉफी के मैच भी जारी हैं।
