रेलवे ने सीकर के रास्ते चलने वाली सैनिक एक्सप्रेस ट्रेन में परमानेंटली एक स्लीपर डिब्बे की बढ़ोतरी की है। 1 फरवरी से इस डिब्बे को जोड़ा जाएगा। रेलवे ने इस संबंध में सूचना जारी की है। उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ कैप्टन शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 19701/19702 सैनिक एक्सप्रेस ट्रेन में जयपुर से 1 फरवरी और दिल्ली कैंट से 3 फरवरी से परमानेंटली एक स्लीपर डिब्बे की बढ़ोतरी की गई है। यह ट्रेन जयपुर से रात 8:45 पर रवाना होती है जो रात 10:45 पर सीकर स्टेशन पर पहुंचती है। यहां पर 10 मिनट का ठहराव लेने के बाद ट्रेन 10:55 पर रवाना होती है जो दूसरे दिन सुबह 5:15 पर दिल्ली कैंट स्टेशन पर पहुंचती है। वापसी में यह ट्रेन दिल्ली कैंट से रात 12:07 पर रवाना होती है जो दूसरे दिन सुबह 5:45 पर सीकर स्टेशन पर पहुंचती है। यहां पर 10 मिनट का ठहराव लेने के बाद ट्रेन सुबह 5:55 पर आगे के लिए रवाना होती है जो फिर सुबह 8:30 बजे जयपुर स्टेशन पर पहुंचती है।