विंटर वेकेशन और नए साल के जश्न के लिए सरिस्का टाइगर रिजर्व पूरी तरह तैयार है। 25 दिसंबर (क्रिसमस) से लेकर 1 जनवरी तक का सप्ताह सरिस्का के लिए गोल्डन वीक साबित होगा। इस पूरे हफ्ते सरिस्का देशी-विदेशी पर्यटकों से सराबोर रहेगा। ऑनलाइन बुकिंग के आंकड़ों के अनुसार पर्यटकों की भीड़ इस बार पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ सकती है। हालांकि, पर्यटकों के लिए एक जरूरी अपडेट यह है कि 31 दिसंबर को बुधवार होने के चलते सफारी बंद रहेगी। लेकिन, इसके बाद भी पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। लोग 31 की रात होटल्स में सेलिब्रेट करने और 1 जनवरी की सुबह जंगल सफारी करने के प्लान के साथ अलवर पहुंचेंगे। ऑनलाइन पोर्टल के अनुसार 25 दिसंबर को क्रिसमस के बाद 27 व 28 को वीकेंड के चलते जिप्सी और केंटरा की बुकिंग फुल है। सरिस्का टाइगर फाउंडेशन के फाउंडर सेक्रेट्री दिनेश दुर्रानी ने बताया कि अब भी सरिस्का में टाइगर टूरिज्म नहीं है, जिस तरह रणथंभौर में होता है। विंटर वेकेशन के चलते यहां पर्यटकों की संख्या साल के अंत में बढ़ती है। लगातार साइटिंग हो, नए रुट बने तो यहां भी टाइगर टूरिज्म को बढ़ावा मिले, जिससे होटल इंडस्ट्री को नई जान मिले। होटल्स का हाल: टहला क्षेत्र, सरिस्का रोड, थानागाजी और अलवर शहर के प्रमुख होटल्स व रिसॉर्ट्स में 25 दिसंबर से 1 जनवरी तक 70 से 80 फीसदी बुकिंग हो चुकी है। होटल व्यवसायियों को उम्मीद है कि क्रिसमस आते-आते यह 100% तक पहुंच जाएगी। सफारी का क्रेज: वीकेंड और छुट्टियों के चलते सफारी की डिमांड दोगुनी हो गई है। जिप्सी और कैंटर की ऑनलाइन बुकिंग लगभग फुल है। इस बार 31 दिसंबर को बुधवार पड़ रहा है। नियमानुसार बुधवार को सरिस्का में सफारी बंद रहती है। ऐसे में जो पर्यटक 31 दिसंबर को सफारी नहीं कर पाएंगे, वे सभी 1 जनवरी को सफारी करने की कोशिश करेंगे। नए साल पर दोगुना पर्यटक होंगे: 1 जनवरी को नए साल के पहले दिन पर्यटकों की संख्या दोगुनी होने की संभावना है। सुबह और शाम की पारियों में जिप्सी मिलना मुश्किल होगा। करंट टिकट काउंटर पर दबाव देखने को मिलेगा। होटलों में क्रिसमस और नए साल के सेलिब्रेशन के लिए पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अलग अलग कैटेगरी में पैकेज बनाएं है। अलवर में करीब 20-25 बड़े होटल हैं। इनमें नए साल के जश्न के तौर पर कई कार्यक्रम होते हैं। दिल्ली के नजदीक टाइगर रिजर्व और ऐतिहासिक इमारतों के चलते सैलानियों की बड़ा हुजूम न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए अलवर का रुख करता है। अधिकांश होटलों ने सैलानियों व स्थानीय दोनों ही तरह के लोगों के लिए न्यू ईयर को खास बनाने की तैयारी की है। होटल और रिजोर्टस् में 30 व 31 दिसंबर की बुकिंग दरों में इजाफा भी किया गया है। यहां एक हजार से लेकर 1 लाख रुपए प्रतिदिन तक की बुकिंग हो रही है।