जयपुर के सेंट एंसलम नॉर्थ सिटी स्कूल, निवारू रोड, झोटवाड़ा में शनिवार को “इंडियन फेस्टिव फ्यूज़न डांडिया नाइट” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने रंग-बिरंगे परिधानों में सजकर पारंपरिक व आधुनिक संस्कृति के अनोखे संगम का आनंद लिया। यह आयोजन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक चला। रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। युवा प्रतिभाओं ने एक रैंप वॉक के माध्यम से भारतीय संस्कृति और आधुनिकता का सुंदर मिश्रण प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रांगण को दीपों, रंगोलियों और झालरों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम में विभिन्न पारंपरिक खाद्य स्टॉल और कई प्रकार के झूले भी लगाए गए थे, जिन्होंने उपस्थित लोगों में उत्साह भर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर थॉमस मनीपरमबिल ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखना है। वार्ड संख्या 28 की पार्षद दुर्गेश नंदिनी और वार्ड संख्या 46 की पार्षद अर्चना शर्मा ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। शहर के कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने इस शाम को अविस्मरणीय बना दिया। इस आयोजन ने विद्यालय परिवार को एकजुट करते हुए भारतीय संस्कृति की गरिमा और उत्सव-धर्मिता का संदेश दिया।