कोटा की सेंट्रल जेल में बंद एक कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। जेल प्रशासन के अनुसार मृतक साजिद हुसैन (54) विज्ञान नगर के छतरपुरा तालाब इलाके का रहने वाला था। उसे विज्ञान नगर थाना पुलिस ने 8 सितंबर को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था। कोर्ट में पेश कर 9 सितंबर को कोटा की सेंट्रल जेल भेजा गया था। जेल सुपरिंटेंडेंट भेरू सिंह राठौड़ ने बताया कि साजिद नशे का आदी था और लंबे समय से अस्थमा की बीमारी से पीड़ित था। 20 सितंबर को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे एमबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हालत गंभीर होने पर 22 सितंबर को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान सोमवार देर रात उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शुरुआती जांच में यह मामला बीमारी और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मौत का माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।