कपूरथला की सुल्तानपुर लोधी सब-डिवीजन में ब्लॉक समिति के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पदों पर सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) ने कब्जा कर लिया है। दिन भर चली राजनीतिक गहमागहमी के बाद विद्या रानी को ब्लॉक समिति का चेयरमैन और लाभ सिंह नबीपुर को वाइस चेयरमैन चुना गया। चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर कथित धांधली हुई: राणा इंदर प्रताप सिंह हालांकि, चुनाव प्रक्रिया को लेकर विवाद भी जारी रहा। विधायक राणा इंदर प्रताप सिंह के समर्थक बीडीपीओ कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते रहे। राणा इंदर प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि विधानसभा सत्र चलने के बावजूद उन्हें यहां आना पड़ा क्योंकि चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर कथित धांधली हुई है। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन का दावा करते हुए इस मुद्दे पर अपनी लड़ाई जारी रखने की बात कही। मतदान पूरी तरह से नियमानुसार हुआ: चीमा दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज सज्जन सिंह चीमा ने इन आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि ब्लॉक समिति चुनाव में मतदान पूरी तरह से नियमानुसार हुआ है और AAP उम्मीदवारों की जीत सच्चाई की जीत है। चीमा ने नव-निर्वाचित चेयरमैन विद्या रानी और वाइस चेयरमैन लाभ सिंह नबीपुर को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत AAP की नीतियों और जनता के समर्थन का प्रतीक है।धमकाने के आरोपों से इनकार करते हुए सज्जन सिंह चीमा ने कहा कि विरोधी गुट बेबुनियाद आरोप लगा रहा है। दिन भर राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना रहा चीमा ने स्पष्ट किया कि पुलिस हरविंदर सिंह लाली नामक सदस्य के मामले में कार्रवाई कर रही है, क्योंकि उसके खिलाफ पहले से ही मामला दर्ज है। चीमा ने जोर देकर कहा कि यह पुलिस का मामला है और पार्टी का इससे कोई संबंध नहीं है। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान बीडीपीओ कार्यालय के आसपास दिन भर राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
